कलेक्टर ने ईव्हीएम के एफएलसी कार्य का किया निरीक्षण

रीवा 23 मई 2022. स्थानीय निर्वाचन के सिलसिले में ईव्हीएम का एफएलसी (फस्ट लेबल चेकिंग) कार्य स्थानीय पॉलिटेक्निक कालेज में किया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी मनोज पुष्प ने एफएलसी कार्य का निरीक्षण किया।

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ने एफएलसी कार्य के दौरान मशीनों की चेकिंग के संबंध में इंजीनियर्स से जानकारी ली। इस दौरान बताया गया कि मशीनें सही स्थिति में है तथा बहुत कम मशीनें क्रियाशील नहीं है। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि अक्रियाशील मशीनों को अलग से रखवाने की व्यवस्था करायें। कलेक्टर ने चेक की गई मशीनों को व्यवस्थित ढंग से ट्रंक में रखवाने के निर्देश दिये तथा कहा कि एफएलसी कार्य शीघ्र पूर्ण करायें। उन्होंने उप जिला निर्वाचन अधिकारी से एफएलसी कार्य सहित स्थानीय निर्वाचन के सिलसिले में सामग्री वितरण एवं वापसी सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समस्त कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिये। इस दौरान नोडल अधिकारी पंकजराव गोरखेड़े ने एफएलसी कार्य की प्रगति से जिला निर्वाचन अधिकारी को अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त नगर निगम मृणाल मीणा, अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह उप जिला निर्वाचन अधिकारी एके झा उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box