आज होगा सिरमौर चौराहा फ्लाई ओवर ब्रिज का लोकार्पण

6IMG-20160413-WA0007

प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री सरताज सिंह आज 13 अप्रैल को अपरान्ह चार बजे रीवा नगर के सिरमौर चौराहा स्थित 26 करोड़ 45 लाख 52 हजार रूपये लागत के फ्लाई ओवर ब्रिज का लोकार्पण करेंगे।
इस अवसर पर आयोजित लोकार्पण समारोह की अध्यक्षता प्रदेश के ऊर्जा, खनिज एवं जनसम्पर्क मंत्री राजेन्द्र शुक्ल करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में महापौर नगरपालिक निगम रीवा ममता गुप्ता, सांसद जनार्दन मिश्रा तथा अध्यक्ष नगरपालिक निगम रीवा सतीश सोनी उपस्थित रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि वाराणसी-नागपुर मार्ग के कि.मी. 234/6 पर सिरमौर चौराहा रीवा स्थित इस फ्लाई ओवर ब्रिज की कुल लम्बाई 725 मीटर है। पुल की चौड़ाई 12.90 मीटर है। फ्लाई ओवर के दोनो ओर 68 व 81 मी. के पहुंच मार्ग बनाये गये हैं। पुल में कुल 30 मी. के दो स्पान, 25 मी. के 11 स्पान, 63.50 मी. के तीन स्पान और 50 मी. का एक स्पान है।
फ्लाई ओवर के लोकार्पित होकर प्रारंभ हो जाने से रीवा नगर के सबसे व्यस्ततम  सिरमौर चौराहे पर प्रायः होने वाले ट्रेफिक जाम से नागरिकों को मुक्ति मिलेगी और आवागमन सुचारू व सरल हो जाएगा जिससे लोगों के श्रम और समय की बचत होगी।

Facebook Comments Box