कोविड संक्रमित मरीजों के वार्डों में चिकित्‍सक सहित पैरामेडिकल स्‍टाफ की पर्याप्‍त व्‍यवस्‍थायें सुनिश्चित करायें – पूर्व मंत्री एवं विधायक रीवा राजेन्‍द्र शुक्‍ल

रीवा 24 अप्रैल 2021. श्‍यामशाह चिकित्‍सा महाविद्यालय के सभागार में में आयोजित बैठक में कोविड संक्रमित मरीजों की अस्‍पताल में भर्ती के समय इलाज व्‍यवस्‍था की जानकारी लेते हुए पूर्व मंत्री एवं विधायक रीवा श्री राजेन्‍द्र शुक्‍ल ने कहा कि भर्ती मरीजों के इलाज में पूरी संवेदनशीलता व तत्‍परता बरती जाय तथा वार्डों में चिकित्‍सक सहित पैरामेडिकल स्‍टाफ व वार्ड ब्‍वॉय अपनी ड्यूटी में मुस्‍तैद रहें। बैठक में कलेक्‍टर डॉ. इलैयाराजा टी, अपर कलेक्‍टर इला तिवारी सहित चिकित्‍सक उपस्थित रहे।

बैठक में रीवा विधायक श्री शुक्‍ल ने कहा कि कोविड संक्रमण के इस दौर में स्‍वास्‍थ्‍य के क्षेत्र में यह सबसे बड़ी समस्‍या है। यह समय परीक्षा का है अत: इस समय चिकित्‍सक व पैरामेडिकल स्‍टाफ पूरी ऊर्जा के साथ अपना कर्तव्‍य निभायें।

बैठक में कलेक्‍टर ने निर्देश दिये कि जिस शिफ्ट में डॉक्‍टर्स व अन्‍य स्‍टाफ की ड्यूटी हो वह कोविड वार्ड में पूरी मुस्‍तैदी से रहें। उन्‍होंने खासतौर पर कहा कि स्‍वास्‍थ्‍य सेवाओं पर एस्‍मा (अत्‍यावश्‍यक सेवा)लागू है अत: बिना जरूरी कारण के अवकाश पर गई नर्स की छुट्टियां तत्‍काल रद्द करें तथा यदि व ड्यूटी में न आयें तो नोटिस देकर सेवा समाप्‍त कराने की कार्यवाही करायें। बैठक में मरीजों के भर्ती होने की संख्‍या में वृद्धि से पूर्व बेड, ऑक्‍सीजन व अन्‍य संसाधनों की उपलब्‍धता रखने के निर्देश दिये गये। इस दौरान डीन डॉ. मनोज इंदुलकर, अधीक्षक डॉ. एसडी गर्ग, डॉ. नरेश बजाज, डॉ. अनुरग चौरसिया, डॉ. यत्‍नेश त्रिपाठी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box