रीवा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में नलजल योजना से घर-घर मिलेगा पानी

रीवा 25 मार्च 2021. पूर्व मंत्री एवं विधायक रीवा  राजेन्द्र शुक्ल ने आज रीवा स्थित निज निवास अमहिया में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकरियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने रीवा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्रामीण अंचलों में नलजल योजना तहत लगभग 17 करोड़ रूपये की राशि से गाँवों में पानी की ओवरहेड टंकी निर्माण, बोरवेल, पाइप लाइन, घर-घर नल कनेक्शन के कार्य को जल्द कराने के निर्देश अधिकारियों को दिये। अब रीवा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचल में लोगों को जल्दी ही घर में स्वच्छ जल मिलने लगेगा तथा उनकी पानी की समस्या दूर होगी। श्री शुक्ल ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य है सबका साथ सबका विकास जिसके तहत अधोसंरचना विकास के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति को दिलाये जाने के प्रयास किये जा रहे हैं। बैठक में कार्यपालन यंत्री पी.एच.ई. शरद सिंह सहित विभागीय अधिकारी तथा जिला गौ संवर्धन बोर्ड के उपाध्यक्ष राजेश पाण्डेय उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box