चलित प्रदर्शनी से दिया जा रहा कोरोना से बचाव का संदेश

रीवा 15 दिसम्बर 2020. भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के तहत कार्यरत क्षेत्रीय प्रचार निदेशालय की रीवा इकाई द्वारा चलित प्रदर्शनी के माध्यम से कोरोना से बचाव के संदेश दिये जा रहे हैं। चलित प्रदर्शनी में मेगा साउण्ड तथा पोस्टर के माध्यम से कोरोना संक्रमण के बचाव की जानकारी दी जा रही है। यह चलित प्रदर्शनी जिले भर में भ्रमण करके लोगों को जागरूक करने का प्रयास करेगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एमएल गुप्ता ने प्रदर्शनी को हरी झण्डी दिखाकर जिले भर में भ्रमण के लिये रवाना किया।
इस संबंध में क्षेत्र प्रचार इकाई के प्रभारी प्रचार अधिकारी मुकेश कुमार मण्डल ने बताया कि चलित प्रदर्शनी से कोरोना से बचाव के पम्पलेट एवं पोस्टर का वितरण किया जा रहा है। लोगों को मास्क तथा सेनेटाइजर भी इसके माध्यम से दिया जा रहा है। साथ ही रोचक गीतों एवं संदेशों के माध्यम से आम जनता को सार्वजनिक स्थलों पर आने पर मास्क के अनिवार्य रूप से उपयोग एवं नियमित अंतराल से हाथ धोने की सलाह दी जा रही है।

Facebook Comments Box