दिव्यांगों को कृत्रिम उपकरण वितरण शिविर बारिश के बाद करें आयोजित – कलेक्टर

दिव्यांगों को कृत्रिम उपकरण वितरण शिविर बारिश के बाद करें आयोजित – कलेक्टर

रीवा 02 जुलाई 2025. कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र की प्रबंध समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा कि दिव्यांगों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए सामाजिक न्याय विभाग तथा जिला रेडक्रास समिति मिलकर प्रयास करें। जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित करें। जिले में कृत्रिम उपकरण के पात्र दिव्यांगों का चयन करके उन्हें कृत्रिम उपकरण प्रदान करने के लिए बारिश के बाद शिविर आयोजित करें। जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र के भवन निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल पर रिक्त भूमि का चयन करके आवंटन के लिए ऑनलाइन आवेदन कराएं। कलेक्टर ने कहा कि निरामय बीमा योजना का लाभ देने के लिए पात्र दिव्यांगों का चयन कर लें। निर्धारित प्रीमियम की राशि जमा कराकर दिव्यांगों को बीमा सुरक्षा का लाभ दें।
बैठक में लीगल गार्जियनशिप के 8 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र में 10 किलोवाट तथा वृद्धाश्रम में 5 किलोवाट का सोलर पैनल लगाने, फिजियोथेरेपिस्ट के पद पर नियुक्ति तथा जिला रेडक्रास समिति की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में कलेक्टर ने वृद्धाश्रम संचालन के लिए अनुदान राशि के भुगतान तथा दिव्यांगों के पंजीयन के संबंध में निर्देश दिए। बैठक में जिला रेडक्रास समिति के अध्यक्ष डॉ प्रभाकर चतुर्वेदी तथा सचिव विनोद कुमार श्रीवास्तव ने समिति के कार्यों की जानकारी दी। संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय अनिल दुबे ने बैठक में विभागीय योजनाओं तथा दिव्यांग शिविरों के संबंध में जानकारी दी। बैठक में सिविल सर्जन डॉ प्रतिभा मिश्रा, उपाध्यक्ष जिला रेडक्रास समिति एके खान, महाप्रबंधक उद्योग जेपी तिवारी, अधिवक्ता श्री संतोष अवधिया, प्रशासनिक अधिकारी डीडीआरसी सुरेन्द्र सिंह, श्री प्रशांत जैन, ट्रस्ट के प्रतिनिधि श्री शशिधरमणि त्रिपाठी तथा समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *