रीवा जिले में कोरोना संक्रमण को रोकने के सभी उपाय सुनिश्चित करायें – मुख्यमंत्री

वीडियो कान्फ्रेंसिंग से मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने दिये निर्देश

रीवा 22 मई 2020. प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज भोपाल से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से मंदसौर, सिंगरौली एवं रीवा जिले में कोरोना संक्रमण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की तथा संबंधित कलेक्टर्स से विस्तार से जानकारी प्राप्त की। रीवा जिले की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि रीवा जिले में बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूरों के आने का सिलसिला जारी है अत: पूरी सावधानी व सर्तकता बरतते हुए कोरोना संक्रमण को रोकने के उपाय सुनिश्चित किये जाय। उन्होंने कहा कि आने वाले श्रमिकों की स्क्रीनिंग की जाय तथा किसी में यदि संक्रमण के लक्षण पाये जाय तो तत्काल उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाय। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों को कन्टेनमेंट एरिया बनाया गया है वहां पूरी तरह से निगरानी रखी जाय। उस क्षेत्र के लोग घरों से बाहर न निकलें। होम क्वारेंटाइन किये गये व्यक्तियों को भी किसी भी हालत में बाहर निकलने की अनुमति न रहे तथा हर हाल में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने जिले में आपदा प्रबंधन समिति की बैठकों के नियमित आयोजन के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
रीवा स्थित एनआईसी से कलेक्टर बसंत कुर्रे ने जानकारी दी कि रीवा जिले में जो श्रमिक बाहर से आ रहे हैं वह अधिकांशत: हॉटस्पॉट या रेड जोन से आये हैं। रेलवे स्टेशन एवं इंजीनियरिंग कालेज में आने वाले श्रमिकों की स्क्रीनिंग की जा रही है तथा यदि किसी में संक्रमण के लक्षण दिखते हैं तो उन्हें तत्काल चिकित्सकीय व्यवस्था उपलब्ध करायी जाती है। जिले में अभी तक ग्रामीण क्षेत्रों में 13 कन्टेनमेंट एरिया बनाये गये हैं। कन्टेनमेंट एरिया में पूरी सावधानी बरती जा रही है। होम क्वारेंटाइन किये गये लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रावास, विद्यालय भवन, पंचायत भवन आदि में क्वारेंटीन सेंटर बनाये गये हैं जहां पंचायतों द्वारा भोजन आदि की व्यवस्था करायी जा रही है। जिले में अभी तक 1085 सैम्पल लिये गये हैं जिनमें से 26 पॉजिटिव प्रकरण व 25 एक्टिव प्रकरण हैं तथा एक व्यक्ति को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि जिला आपदा प्रबंधन समिति की बैठक नियमित तौर पर आयोजित की जाती है। जनप्रतिनिधियों एवं स्वंयसेवी संगठनों व अन्य सदस्यों की उपस्थिति में आयोजित जिला आपदा प्रबंधन समिति की बैठक में लिये गये निर्णयों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। एनआईसी केन्द्र रीवा में इस दौरान पुलिस अधीक्षक आबिद खान, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्पित वर्मा सहित सीएमएचओ एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *