अपर कलेक्टर विकास ने 48 आवेदन पत्रों में की जनसुनवाई

रीवा 29 अक्टूबर 2019. कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई में अपर कलेक्टर विकास अर्पित वर्मा तथा अपर कलेक्टर इला तिवारी ने 48 आवेदन पत्रों में सुनवाई की। जनसुनवाई में सीमांकन, नामांतरण, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन प्रकरण, शौचालय निर्माण, अतिक्रमण हटाने सहित विभिन्न आवेदन पत्रों पर सुनवाई की गई। जनसुनवाई में सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई में रामबहोर तथा श्यामलाल निवासी रक्सहा ने खसरे में उनका नाम दर्ज करने के लिए आवेदन दिया। अपर कलेक्टर ने तहसीलदार त्योंथर को आवेदन पत्र में कार्यवाही के निर्देश दिये। दामोदर द्विवेदी निवासी सिरमौर ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए आवेदन दिया। अपर कलेक्टर विकास ने एसडीएम सेमरिया को प्रकरण पर कार्यवाही के निर्देश दिये। छोटेलाल निवासी बेलवा बड़गईयां ने बीपीएल सूची में नाम दर्ज के लिए आवेदन दिया। अपर कलेक्टर ने तहसीलदार सिरमौर को कार्यवाही के निर्देश दिये। संतोष कुमार निवासी सुमेदा ने भू-अर्जन के कारण सीमेंट प्लांट में नौकरी के लिए आवेदन दिया। इस संबंध में एसडीएम हुजूर को कार्यवाही के निर्देश दिये गये। सुनितादेवी निवासी गाढ़ा ने आंगनवाड़ी सहायिका की भर्ती में फर्जी अंकसूची की जांच के लिए आवेदन दिया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने प्रकरण में कार्यवाही के निर्देश दिये।
जनसुनवाई में शिवशंकर सोंधिया निवासी रीवा ने खसरे में उनका नाम शामिल करने के लिए आवेदन दिया। अपर कलेक्टर ने तहसीलदार हुजूर को प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही के लिए निर्देश दिए। पुष्पेन्द्र तथा ग्राम रौरा निवासियों ने गांव के 250 से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि प्राप्त न होने की शिकायत की। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नेे इस संबंध में जांच कर कार्यवाही के निर्देश दिये। जनसुनवाई में सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box