अधिकारी भ्रमण के दौरान आंगनवाड़ी केन्द्र और स्कूलों का निरीक्षण करें – कमिश्नर

अधिकारी भ्रमण के दौरान आंगनवाड़ी केन्द्र और स्कूलों का निरीक्षण करें – कमिश्नर
महिलाओं और शिशुओं के पोषण स्तर में सुधार के प्रयासों में सहभागी बनें – कमिश्नर

रीवा 16 दिसम्बर 2025. कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में कमिश्नर बीएस जामोद ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों तथा टीएल पत्रों के निराकरण की समीक्षा की। कमिश्नर ने कहा कि ई आफिस में सभी संभागीय अधिकारियों के प्रयासों से संभागों की रैंकिंग में रीवा संभाग प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। जिला तथा संभाग की सम्मिलित रैंकिंग में रीवा संभाग टॉप-10 में स्थान बनाने में सफल हुआ है। इसके लिए सभी अधिकारियों को बधाई। सभी फाइलों और पत्रों को ई आफिस से ही भेजें। सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें। राजस्व, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, पीएचई, ऊर्जा, जनजातीय कार्य विभाग, ग्रामीण विकास विभाग तथा नगरीय निकाय में बड़ी संख्या में आवेदन पत्र लंबित हैं। इनका निराकरण सुनिश्चित करें। समाधान ऑनलाइन के एजेण्डा बिन्दुओं में लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का भी तत्परता से निराकरण करें।
बैठक में कमिश्नर ने कहा कि सभी अधिकारी क्षेत्र में भ्रमण के दौरान आंगनवाड़ी केन्द्र, स्कूल तथा उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण करके वहाँ की व्यवस्थाओं के संबंध में सामान्य जानकारी प्राप्त करें। अपने भ्रमण प्रतिवेदन में इसका उल्लेख करें। संभाग में महिलाओं और शिशुओं के पोषण के संबंध में संचार माध्यमों से चिंताजनक सूचनाएं मिलती रहती हैं। महिलाओं और शिशुओं के पोषण स्तर में सुधार करना हम सबकी जिम्मेदारी है। इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों में सभी अधिकारी सहभागी बनें। संभाग के बड़े औद्योगिक संस्थानों का भी इस कार्य मंा सहयोग लिया जाएगा। संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं तथा अति कुपोषित बच्चों की विकासखण्डवार एवं ग्रामवार सूची उपलब्ध कराएं। अधिकारी क्षेत्र में भ्रमण के दौरान हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं तथा अति कुपोषित बच्चों के परिवारों से संपर्क करके उन्हें स्वेच्छानुसार कुछ पोषण सामग्री भेंट करें तथा स्वास्थ्य रक्षा के संबंध में जागरूक करें।
कमिश्नर ने कहा कि स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के संभागीय अधिकारी जिला और विकासखण्ड स्तर तक संयुक्त बैठक आयोजित करके संभाग के स्वास्थ्य सूचकांकों और कुपोषण पर नियंत्रण के प्रयासों की मॉनीटरिंग करें। कमिश्नर ने कहा कि संभाग के मैहर और मऊगंज जिलों में अधिकारियों का कम से कम दो दिन भ्रमण सुनिश्चित करें। जिला अधिकारी भ्रमण के समय कलेक्टर से अवश्य संपर्क करें। दिसम्बर माह तक सेवानिवृत्त होने वाले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण सात दिवस की समय सीमा में पेंशन कार्यालय में प्रस्तुत कर दें। प्रकरण लंबित रहने पर संबंधित विभाग के जिलाधिकारी अगली बैठक में उपस्थित होकर वस्तुस्थिति से अवगत कराएं। बैठक में कमिश्नरर्स-कलेक्टर्स कान्फ्रेंस के एजेण्डा बिन्दुओं पर कार्यवाही, धान उपार्जन, उचित मूल्य दुकानों से खाद्यान्न वितरण तथा पेयजल व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए गए। बैठक में संयुक्त आयुक्त सुदेश मालवीय, संयुक्त आयुक्त दिव्या त्रिपाठी, उपायुक्त राजस्व एलएल अहिरवार तथा संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *