मैहर विधानसभा उप चुनाव के लिये मतदान

images (1)

सभी मतदान दल मतदान केन्द्र पहुँचे

 

मैहर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-65 में होने वाले उप चुनाव के लिये मतदान 13 फरवरी को प्रात: 7 से शाम 5 बजे तक होगा। शांतिपूर्ण मतदान के लिये सभी आवश्यक तैयारियाँ कर ली गयी हैं। सभी 291 मतदान दल मतदान सामग्री लेकर मतदान केन्द्र पहुँच गये हैं। मैहर विधानसभा उप चुनाव के लिये 15 उम्मीदवार के नाम निर्देशन-पत्र वैध पाये गये। इनमें से 3 राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त दल भाजपा, कांग्रेस और बीएसपी के हैं। दो गैर-मान्यता प्राप्त रजिस्टर्ड दल राष्ट्रीय महान गणतंत्र पार्टी और समाजवादी पार्टी के उम्मीदवारों द्वारा दाखिल नाम निर्देशन-पत्र भी वैध पाये गये हैं। दस निर्दलीय उम्मीदवार द्वारा दाखिल किये गये नाम निर्देशन-पत्र भी वैध पाये गये हैं। यह सभी 15 अभ्यर्थी पुरुष हैं।

मैहर उप चुनाव के लिये 290 मतदान-केन्द्र तथा एक सहायक मतदान-केन्द्र बनाया गया है। इनमें से 164 मतदान-केन्द्र संवेदनशील श्रेणी के हैं। विधानसभा क्षेत्र में सबसे बड़ा मतदान-केन्द्र क्रमांक-125 मैहर है। इस मतदान-केन्द्र में 1325 मतदाता हैं। सबसे छोटा मतदान-केन्द्र क्रमांक-13 पथरादाता है। इस मतदान-केन्द्र में 261 मतदाता हैं। विधानसभा उप चुनाव के लिये 291 बूथ में 960 मतदान अधिकारी, 320 पीठासीन अधिकारी, 320 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी लगाये गये हैं। सीएपीएफ की 6 कम्पनी 8 फरवरी से सुरक्षा व्यवस्था के लिये राज्य पुलिस दल के अलावा लगायी गयी हैं। निर्वाचन कार्य के लिये केन्द्र सरकार के 164 माइक्रो आब्जर्वर भी नियुक्त किये गये हैं। विधानसभा उप चुनाव के 7 मतदान-केन्द्र की वेब-कास्टिंग होगी। भारत निर्वाचन आयोग ने चुनाव लड़ने वाले प्रत्येक उम्मीदवार के व्यय की अधिकतम सीमा 28 लाख रुपये तय की है।

मैहर विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 19 हजार 563 पुरुष, एक लाख 8 हजार 232 महिला मतदाता और 8 मतदाता थर्ड जेण्डर श्रेणी के हैं। विधानसभा क्षेत्र में कुल 2 लाख 27 हजार 803 मतदाता हैं। सेवा निर्वाचक मतदाताओं की संख्या 74 है। विधानसभा क्षेत्र में जेण्डर अनुपात 905 है। उप चुनाव में 83 प्रतिशत मतदाता को फोटोयुक्त मतदाता-पर्ची वितरित की जा चुकी है।

चुनाव प्रेक्षक

मैहर विधानसभा उप चुनाव के लिये भारत निर्वाचन आयोग ने सामान्य प्रेक्षक श्री शशिरंजन प्रसाद सिंह को बनाया गया है। उनका मोबाइल नम्बर-9430177777 और 8085569042 है। आयोग ने व्यय प्रेक्षक श्री बी.एस. मुंडेरिया को नियुक्त किया है, जिनका मोबाइल नम्बर-8085754626 है।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *