परिश्रम की पराकाष्ठा के जीवंत स्वरूप हैं विकास पुरूष मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान – राजेन्द्र शुक्ल

लोकहित के लिए परिश्रम की पराकाष्ठा तक जाने का मूल मंत्र हमारे मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के व्यक्तित्व और कृतित्व का सारतत्व है। इन 13 वर्षों में हम सबने इसी मूलमंत्र को फलीभूत भी होते हुए देखा है और स्वयं को ऊर्जान्वित होते हुए भी। सही अर्थों में पूछें तो मध्यप्रदेश आज प्रगति के जिस मुकाम तक पहुंचा है उसके पीछे संकल्पों को पूरा करने के लिए परिश्रम की पराकाष्ठा का ही प्रतिफल है।

असंभव व मुश्किल से लगने वाले लक्ष्यों को तय करना और फिर उस चुनौती को पूरा करने के लिए पूरी ताकत लगा देना उनके स्वभाव में है। प्रदेश में औधोगिक क्रांति लाने के मकसद से प्रदेश में इन्वेस्टर्स समिट की शुरूआत की। इसके अच्छे परिणाम भी सामने आये है। इसके अलावा मुख्यमंत्री जी ने देश के अन्य राज्यों के अलावा विदेशों में भी रोड शो किये है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विदेशों में बसे मध्यप्रदेश के लोगो को जोड़ने के लिये ‘फ्रेन्डस ऑफ एमपी’ की शुरूआत भी की। फ्रेन्डस ऑफ एमपी का पहला सम्मेलन इंदौर में आयोजित किया जा चुका है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने युवाओं को तकनीकी रूप से कुशल बनाने के लिये प्रदेश की स्किल्‍ड नीति को भी अमलीजामा पहनाया है। प्रदेश में बढ़ते निवेश के कारण वर्ष 2017-18 में औधोगिक विकास की दर 10.55 प्रतिशत रहने का अनुमान है जो राष्ट्रीय दर से अधिक होगी। प्रदेश के 13 औधोगिक क्षेत्रों में करीब 500 करोड़ रूपये के कार्य पूरे किये गये है। इसके साथ ही 22 नवीन औधोगिक क्षेत्र में 1820 करोड़ रूपये के अधोसंरचना के विकास कार्य प्राथमिकता से कराये जा रहे है। शीर्ष उद्योगपतियों ने हमारे मुख्यमंत्री और उनके सुशासन पर विश्वास व्यक्त किया है। अब शीघ्र ही औधोगिक विकास में भी प्रदेश नयी ऊँचाइयां छुएगा।

प्रदेश में 24 घंटे निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने का मिशन कुछ ऐसा ही था। मुख्यमंत्री जी ने तय किया कि हमें पूरे प्रदेश में २४ घन्टे निर्बाध बिजली उपलब्ध कराकर, अंधेरे के कलंक से मुक्ति पाना है। इसके लिए अटल ज्योति योजना तैयार की गई। बिजली की जरूरत, उसकी आपूर्ति पूरे सिस्टम का संचालन-संधारण और उसकी सतत् निगरानी की त्रुटिहीन प्रणाली तैयार की गई। इसके बाद पूरी टीम जुट गई मिशन को पूरा करने में। कमान खुद मुख्यमंत्री जी ने संभाली। अटल ज्योति योजना को सर्वोच्च वरीयता पर रखते हुए वे खुद एक-एक जिले गए और योजना का शुभारंभ किया।

प्रदेशवासियों ने घुप्प-अंधेरे में जीने के अभिशाप को भोगा है। छात्रों की एक समूची पीढ़ी आज भी उन दिनों को कष्ट के साथ याद करती है। किसान भाइयों को आज भी वे दिन याद हैं जब उनकी फसलें बिजली का इन्तजार करते-करते मुरझा जाती थीं। छोटे उद्योग धंधे से लेकर बड़े कारखाने तक उन दिनों बिजली के संकट की मार से ग्रस्त थे। बिजली हमारे जीवन का अनिवार्य हिस्सा बन चुकी है। वह विकास की हर धडक़न के साथ जुड़ी है। बिजली का कृषि-उद्योग, सामान्य जन-जीवन के साथ इतना गहरा रिश्ता बन चुका है कि अब इसके बिना एक कदम भी आगे बढऩे के बारे में सोचा ही नहीं जा सकता।

मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंदजी के मूलमंत्र का स्मरण कराते हुए, उठो-जागो-लक्ष्य प्राप्त करो को जीवन में उतार कर और आलोचनाओं की परवाह किए बगैर प्रदेश को अंधेरे से मुक्त करके ही चैन की सांस ली। आज मध्यप्रदेश, गुजरात के बाद दूसरा ऐसा राज्य है जो बिजली को लेकर आत्मनिर्भर है। हम पॉवर सरप्लस स्टेट राज्यों में गिने जाते हैं।

श्री शिवराज सिंह जी की यही विशेषता है कि वे सपने देखते हैं- दिखाते हैं- उसे पूरा करने- पूरा करवाने का माद्दा रखते हैं। लक्ष्य पर उनकी नजर वैसे ही रहती है जैसे चिडिय़ा की आंख पर धनुर्धर अर्जुन की थी। मध्यप्रदेश सोलर और विन्ड एनर्जी जैसे वैकल्पिक स्त्रोतों की ओर तेजी से बढ़ रहा है। नीमच में एशिया के सबसे बड़े सोलर प्लांट ने उत्पादन शुरु कर दिया है। रीवा में गुढ़ के समीप विश्व का सबसे बड़ा सोलर प्लांट लगने की तैयारी है। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में मध्यप्रदेश को देश का सिरमोर बनाने का संकल्प भी मुख्यमंत्री का है।

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह जी के नेतृत्च में मैंने पाया कि कोई सपना इतना बड़ा नहीं होता कि उसे पूरा न किया जा सके। वे सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर हैं। इतने वर्षों से उनके साथ व सानिध्य में रहते हुए उनमें नकारात्मकता को कहीं दूर-दूर तक नहीं देखा वे सकारात्मक सोच व ऊर्जा से भरपूर दिखाई देते हैं। राजनीति के बहुप्रचारित चलन गुणा-भाग, कांट-छांट से दूर उन्हें सिर्फ जोड़ते हुए ही देखा, महसूस किया। आलोचना और निन्दा पर प्रतिक्रिया करने की बजाय उसे जज्ब करने और फिर दूने आवेग के साथ काम पर जुट जाने की विशेषता उनमें देखी। मध्यप्रदेश के प्रवासों में प्रधानमंत्री सम्मानीय श्री नरेन्द्र मोदीजी भाषण की शुरुआत ही श्री शिवराज जी के व्यक्तित्व कृतित्व की प्रशंसा के साथ करते हैं। वे अन्य प्रदेशों के कार्यक्रमों में उदाहरण देते हैं, श्री शिवराज जी टीम ने किस तरह एक राज्य को बीमारी से निकालकर स्वस्थ्य बना दिया।

चरैवेति-चरैवेति निरन्तर चलते रहो, चलते रहो, पण्डित दीनदयाल उपाध्याय जी के मूलमंत्र को वास्तविकता के धरातल पर यदि किसी ने उतारा तो वे श्री शिवराज सिंह जी हैं। उनकी दिनचर्या और कार्य संस्कृति में आराम को कोई जगह नहीं। यही हमें प्रेरणा देती है। यहीं नई पीढ़ी के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरक भी है। मन की स्वच्छता और हृदय की शुचिता के साथ लिए जाने वाले कोई संकल्प विफल नहीं होते, हमारे मुख्यमंत्री जी उसके उदाहरण हैं।

लेखक उद्योग तथा खनिज संसाधन मंत्री हैं।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *