विश्व के सबसे बड़े अल्ट्रा मेगा सोलर पॉवर प्लांट से मिलेगी रीवा को नई पहचान

नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल की उपस्थिति में हुआ एमओयू

160116n1160116n2160116n3

नवीन, नवकरणीय ऊर्जा, जनसंपर्क तथा खनिज साधन मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि रीवा जिले के गुढ़ में लगने वाले विश्व के सबसे बड़े अल्ट्रा मेगा सोलर पॉवर प्लांट से मध्यप्रदेश और देश को दुनिया में सोलर एनर्जी के क्षेत्र में एक अलग पहचान मिलेगी। श्री शुक्ल आज यहाँ मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम और अंतर्राष्ट्रीय वित्त निगम के बीच हुए एमओयू के मौके पर बोल रहे थे। इस सोलर पावर प्लांट से 750 मेगावाट बिजली की उत्पादन होगा।

श्री शुक्ल ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग को लेकर सारी दुनिया में चिंता व्यक्त की जा रही है। ऐसे दौर में मध्यप्रदेश में क्लीन एनर्जी के क्षेत्र में किया जा रहा कार्य महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की विशेष रुचि तथा लंबी कवायद के बाद संयंत्र की स्थापना में सफलता मिली है। केन्द्र सरकार भी इसमें पूरा सहयोग कर रही है। श्री शुक्ल ने कहा कि प्लांट के लिए गुढ़ तहसील की जमीन सबसे उपयुक्त है। उन्होंने बताया कि प्लांट जून 2017 तक शुरू हो जाएगा। श्री शुक्ल ने कहा कि इस परियोजना से जहाँ बिजली मिलेगी वहीं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार मिलेगा।

मुख्य सचिव श्री अंटोनी डिसा ने कहा कि उन्होंने इस परियोजना के स्थल का एरियल सर्वे किया था। उन्होंने कहा कि पर्यावरणीय दृष्टि से नवकरणीय ऊर्जा की उपयोगिता का अपना एक अलग महत्व है। अब यह जरूरी हो गया है कि मध्यप्रदेश में परंपरागत ऊर्जा के स्थान पर नवकरणीय ऊर्जा विशेषकर सोलर एनर्जी का ज्यादा से ज्यादा उपयोग हो। उन्होंने इसके लिए ऊर्जा विकास निगम की प्रशंसा भी की।

प्रमुख सचिव नवीन एवं नवकणीय ऊर्जा तथा प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम श्री मनु श्रीवास्तव ने प्रस्तुतिकरण के जरिये परियोजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परियोजना की लागत 4,500 करोड़ है। प्लांट के लिए 1500 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है। जिसकी पूर्ति राजस्व एवं निजी भूमि से की जा रही है। प्लांट के लिये वर्ल्ड बैंक ने 40 मिलियन डॉलर की राशि उपलब्ध करवाने की सहमति दी है। वर्ल्ड बैंक से परियोजना लागत का 50 प्रतिशत ऋण सेकी के माध्यम से प्राप्त होगा, जो 25 वर्ष में वापस किया जायेगा।

कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय वित्त निगम की ओर से सुश्री ईसाबेल चटेरटोन प्रबंधक एशिया पेसिफिक (आईएफसी), एडवाइजरी सर्विसेज, श्री जुन झंग ने भी परियोजना से संबंधित विचार रखे। इस अवसर पर प्रमुख सचिव राजस्व श्री के.के. सिंह और नगरीय प्रशासन सचिव श्री विवेक अग्रवाल मौजूद थे।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *