ढेरा में हुआ उद्योग मंत्री का नागरिक अभिनंदन

Rewa-25-2-2017-3b

उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ल के घुरेहटा में उद्योग लगाये जाने के निर्णय एवं प्रयास पर मऊगंज के संर्घष परिषद के सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने हर्ष व्यक्त किया और मंत्री श्री शुक्ल का कल नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये उद्योग मंत्री ने कहा कि मऊगंज के लोगों के विकास का ध्यान शासन को है। उन्होंने कहा कि आज महाशिवरात्रि का पावन पर्व है। हमें कर्म के साथ भगवान पर भी विश्वास करना चाहिये। बिना ईश्वर की कृपा से कोई फल प्राप्त नही होता। रीवा जिला विकास की उंचाईयों को छू रहा है। जिले में विश्व का सबसे बड़ा सोलर प्लांट गुढ़ में बन रहा है। रीवा की पहचान सफेद शेर के रूप में 46 वर्षों बाद साकार हुई है और मुकुन्दपुर व्हाइट टाइगर सफारी देश-प्रदेश के लोगों साथ ही विदेशी पर्यटकों के लिये आकर्षण का केन्द्र बन चुका है।
उद्योग मंत्री ने कहा कि रीवा जिला विकास के विभिन्न क्षेत्रों में बहुत तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यहां विकास की अपार संभावनायें हैं। इस अंचल के लोगों को भी सुखी एवं समृद्ध बनाने के लिये मऊगंज में उद्योगों की स्थापना हमारी प्राथमिकता रहेगी। अभिनंदन कार्यक्रम में उपस्थित सांसद जनार्दन मिश्र ने भी संबोधित किया। इस दौरान श्री कथा प्रेम रामायण एवं बाबा की मजार पुस्तक का विमोचन भी मंत्री द्वारा किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक गुढ नागेन्द्र सिंह उपस्थित रहे ।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *