अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ऊर्जा मंत्री ने रीवा में किया योग

rewa21062016b1 rewa21062016b2

निरोग रहने व स्वस्थ्य जीवन के लिये योग की बताई महत्ता

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय सामूहिक योग प्रदर्शन कार्यक्रम में आज रीवा में ऊर्जा, खनिज एवं जनसम्पर्क मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने योग प्रणाली की विभिन्न क्रियाओं के साथ प्राणायाम किया।
उक्त अवसर पर अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि रोगों को दूर भगाने का योग महत्वपूर्ण माध्यम है। निरोगी काया से जिम्मेदारी के निर्वहन व कार्य करने के अतिरिक्त ऊर्जा मिलती है। योग केवल व्यायाम नहीं वरन स्वयं के साथ विश्व व प्रकृति के एकत्व खोजने का भाव है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानन्द जी ने वर्षों पहले कहा था कि हमारा देश आने वाले समय में विश्व गुरू बनकर नेतृत्व करेगा। उनकी यह बात आज अक्षरश: सत्य हो रही है जबकि विश्व के 173 देशों में भारत द्वारा प्रस्तावित योग प्रदर्शन को अपनाया गया व संयुक्त राष्ट्र संघ ने 21 जून को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के तौर पर मान्यता दी। भारत की योग विधा को विश्व ने स्वीकारा तथा दुनिया के लाखों लाख लोगों ने इसमें अपनी भागेदारी निभाई।
ऊर्जा मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भारत की प्राचीन परम्परा योग विधा को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकारोक्ति दिलाने के लिये साधुवाद देते हुए कहा कि उनके प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र संघ में ऐतिहासिक संकल्प पारित हुआ। श्री मोदी भारत माता के सच्चे सपूत हैं जिन्होंने योग के माध्यम से विश्व में जागृति पैदा करने का कार्य किया। ऊर्जा मंत्री ने अपेक्षा की कि प्रत्येक व्यक्ति स्वास्थ्य एवं कल्याण के पूर्णतावादी दृष्टिकोण को अपनाने हेतु योग करें। साथ ही माताएँ भी बच्चों को प्रारंभ काल से ही योग की घूंटी पिलायें जिससे स्वस्थ्य समाज का निर्माण हो। उन्होंने बताया कि वह स्वयं भी नियमित रूप से योग करते हैं और इसका लाभ भी मिल रहा है।

 ऊर्जा मंत्री ने दी बधाई व शुभकामनाएँ :- योग दिवस के अवसर पर ऊर्जा मंत्री ने उपस्थितजनों को बधाई व शुभकामनाएँ देते हुए निरोगी, स्फूर्त रहते हुए समाज में जिम्मेदारी के निर्वहन की अपेक्षा की।
स्थानीय टी.आर.एस. कालेज मैदान में जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित सामूहिक योग प्रदर्शन कार्यक्रम में महापौर ममता गुप्ता, कमिश्नर एस.के.पॉल, अपर कमिश्नर के.पी.राही, प्रभारी कलेक्टर कर्मवीर शर्मा, अपर कलेक्टर नागेन्द्र मिश्रा, पुलिस अधीक्षक संजय कुमार, संयुक्त आयुक्त राकेश शुक्ला, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत निलेश परीख सहित अधिकारियों/कर्मचारियों, स्वयं सेवी संगठनों के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों तथा हजारों की संख्या में उपस्थित बालक-बालिकाओं ने अपनी सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन डाइट प्राचार्य श्याम नारायण शर्मा ने किया।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *