लाड़ली बहना योजना ने महिलाओं को सहारा और आत्मविश्वास दिया है – उप मुख्यमंत्री

लाड़ली बहना योजना ने महिलाओं को सहारा और आत्मविश्वास दिया है – उप मुख्यमंत्री

रीवा 10 फरवरी 2024. महिलाओं को खुशियाँ देने वाली 10 तारीख लाड़ली बहना योजना की हितग्राही महिलाओं को 1250 रुपए का उपहार लेकर आई। मण्डला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने लाड़ली बहना योजना के हितग्राहियों को सिंगल क्लिक से राशि का अंतरण किया। रीवा में कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में उप मुख्यमंत्री तथा चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल इस कार्यक्रम में वीडियो कान्फ्रेंसिंग से शामिल हुए। कार्यक्रम में नगर निगम के अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, कमिश्नर गोपालचन्द्र डाड, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती प्रतिभा पाण्डेय तथा बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुर्इं।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि लाड़ली बहना योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सहारा देने वाली योजना है। इस योजना ने महिलाओं को आत्मविश्वास दिया है। हर महीने मिलने वाली 1250 रुपए की राशि से महिलाएं स्वयं के तथा घर परिवार की छोटी-छोटी जरूरतें पूरी कर लेती हैं। इसके लिए उन्हें किसी के सामने हाथ नहीं फैलाना पड़ता है। बच्चों की पढ़ाई-दवाई तथा घर गृहस्थी के छोटे-छोटे काम इस राशि से हो जाते हैं। लाड़ली बहना योजना महिलाओं के लिए बहुत बड़ा सहारा है। जिले की चार लाख 9 हजार 491 बहनों के खातों में 50 करोड़ 46 लाख रुपए की राशि अंतरित की गई है। लाड़ली बहना राशि अंतरण के नौवें कार्यक्रम तक जिले की लाड़ली बहनों को 4 अरब 19 करोड़ 96 लाख रुपए प्राप्त हो चुके हैं। श्री शुक्ला ने कहा कि महिलाओं के समग्र विकास के लिए यह योजना वरदान बनी है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में जन हितैषी विभिन्न योजनाओं का संचालन हो रहा है जिसका लाभ सभी पात्र लोगों को लेना चाहिए। हमारा देश धार्मिक, सामाजिक के साथ-साथ जन कल्याण के क्षेत्र में समग्र रूप से आगे बढ़ रहा है। जिला स्तरीय कार्यक्रम में लाड़ली बहना विमला वर्मा व प्रमिला तिवारी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि योजनान्तर्गत प्राप्त होने वाली राशि से वह आत्मनिर्भर तो हुई ही हैं। मुझमें आत्मविश्वास भी बढ़ा है। इस अवसर उप मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहनों को सम्मानित किया। इस दौरान परियोजना अधिकारी जीवेन्द्र सिंह, डॉ शेष नारायण मिश्र सहित बड़ी संख्या में लाड़ली बहना हितग्राही तथा विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक संचालक आशीष द्विवेदी ने किया।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *