मुख्यमंत्री ने 1.31 करोड़ लाड़ली बहनों के खाते में जारी किए 1597 करोड़ रुपए

लाड़ली बहना की छोटी सी राशि बहनों के बड़े काम की है – मुख्यमंत्री

रीवा 04 अक्टूबर 2023. मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने बुरहानपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह से वर्चुअल माध्यम से लाड़ली बहना योजना की पाँचवी किस्त जारी की। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की एक करोड़ 31 लाख से अधिक हितग्राही बहनों के खाते में 1597 करोड़ रुपए जारी किए। प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का नगर निगम रीवा के टाउनहाल में सजीव प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम में सांसद श्री जनार्दन मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, जनपद अध्यक्ष सिरमौर श्रीमती रवीना साकेत, अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वर्चुअल माध्यम से कहा कि मेरा जीवन बहनों की सेवा के लिए है। मैंने बहनों के साथ अन्याय होते देखा है। मुख्यमंत्री बनने के बाद मैंने सबसे पहले बहनों के कल्याण और महिला सशक्तिकरण के प्रयास किए। इसके लिए लाड़ली लक्ष्मी योजना और मुख्यमंत्री कन्यादान योजना को लागू किया गया। इन योजनाओं ने महिलाओं के प्रति समाज और परिवार का दृष्टिकोण बदल दिया। आज बेटियाँ हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। मध्यप्रदेश में अब बेटी जन्म लेते ही लखपति बन जाती है। उसकी पढ़ाई और रोजगार की चिंता भी सरकार कर रही है। लाड़ली बहना योजना ने लाखों महिलाओं को आर्थिक मजबूती दी है। महिलाओं को मिल रही 1250 रुपए की छोटी सी राशि बड़े काम की है। इस राशि से परिवार के सदस्यों की मदद करने के साथ-साथ अपनी जरूरतों को भी बहनें पूरा कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे बहनों का स्नेह और आदर हमेशा मिलता रहा है। मैं भी बहनों की जिंदगी बदलने और उनके कल्याण के लिए आजीवन प्रयास करता रहूंगा। बहनों के विरूद्ध अत्याचार करने वालों को किसी भी स्थिति में नहीं छोड़ूगां। मासूम बहनों से दुष्कर्म करने वालों को फांसी पर लटकाया जाएगा। बहन और बेटियों का जब सम्मान होगा तभी प्रदेश और समाज सुखी रहेगा। बहनों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर देने के लिए स्थानीय निकाय और पंचायतों के निर्वाचन में महिलाओं को 50 प्रतिशत तथा पुलिस भर्ती में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। बेटियों की उच्च शिक्षा संस्थानों में पढ़ाई की फीस सरकार भर रही है। जिनको प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला है उन्हें मुख्यमंत्री लाड़ली बहना आवास योजना से पक्के आवास दिए जाएंगे।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *