भारत पर्व में श्रेष्ठ कार्य करने वाले 20 वरिष्ठ नागरिकों को किया गया सम्मानित

प्रशासन ने वरिष्ठ नागरिकों को भारत पर्व में सम्मानित करने का सराहनीय प्रयास किया है – श्री शुक्ल
रीवा 27 जनवरी 2023. गणतंत्र दिवस की संध्या पर नगर निगम के टाउन हाल में भारत पर्व का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं विधायक रीवा श्री राजेन्द्र शुक्ल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि श्री शुक्ल तथा कलेक्टर मनोज पुष्प ने भारत पर्व में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत और सम्मान किया। समारोह में पूर्व मंत्री श्री शुक्ल ने 75 वर्ष से अधिक आयु के विभिन्न क्षेत्र के विशिष्ट व्यक्तियों को शॉल, श्रीफल एवं पुष्पहार देकर सम्मानित किया। समारोह में बुंदेलखण्ड की प्रसिद्ध लोक गायिका कमला राजपूजत और उनके साथियों ने मधुर बुंदेली लोकगीत प्रस्तुत किए। देशभक्ति और माटी की सुगंध में रचे बसे गीतों का आमजनता ने पूरा आनंद लिया। भारत पर्व में सिंगरौली के लोक कलाकारों ने गुदुम बाजा की मधुर धुन और मोहक लोकनृत्य प्रस्तुत किया। लोक कलाकारों ने गुदुम बाजा बजाते हुए कई शारीरिक करतब दिखाए।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि भारत पर्व पर रीवा ही नहीं पूरे विन्ध्य के विकास में योगदान देने वाले 75 वर्ष से अधिक आयु के 20 वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया है। प्रशासन की इस अनूठी पहल की मैं सराहना करता हूं। आज जो विभूतियों के सम्मान का हमें अवसर मिला है उनके कार्यों और उपलब्धियों को हर कोई जानता है। आप सबने अपनी प्रतिभा और परिश्रम से श्रेष्ठ उपलब्धियाँ पाई हैं। रीवा तेजी से विकास कर रहा है। आज गणतंत्र दिवस तथा आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष पर हमें अपनी उपलब्धियों पर गर्व हो रहा है। आज देश और प्रदेश के पास ऐसा नेतृत्व है जो विकास के नए शिखर छू रहे हैं।समारोह में पूर्व प्राचार्य एवं विदुषी मानस प्रवचनकार डॉ ज्ञानवती अवस्थी,प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ सत्या खनीजो, प्रसिद्ध स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ गीता बनर्जी, पत्रकार श्री मुकुंद मिश्रा, पत्रकार श्री रामबिहारी मिश्रा, उच्च शिक्षा के नामचीन प्रोफेसर पीके सरकार को सम्मानित किया गया। समारोह में चिकित्सक डॉ केके परौहा, डॉ सीडी दुबे, श्री जगजीवनलाल तिवारी, शिक्षाविद् डॉ अवधेश पाण्डेय, डॉ एसके श्रीवास्तव, ब्रम्हकुमारी आश्रम की बहन बीके निर्मला, डॉ रश्मि शुक्ला, श्री सुरेश डेगन, सेवानिवृत्त शिक्षक श्री आरडी गुप्ता, सेवानिवृत्त पीटीआई श्री मोहन सिंह, समाजसेवी बीके सूरी को सम्मानित किया गया। समारोह में नगर निगम के स्पीकर व्यंटेश पाण्डेय, पार्षदगण, पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन, आयुक्त नगर निगम मृणाल मीणा, अधीक्षण यंत्री शैलेन्द्र सिंह, कार्यपालन यंत्री एसके चतुर्वेदी, समाजसेवी प्रहलाद सिंह तथा आमजन उपस्थित रहे।
विकास प्रदर्शनी का अवलोकन – भारत पर्व कार्यक्रम स्थल में जनसंपर्क विभाग द्वारा विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। पूर्व मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, अन्य अतिथियों तथा आमजनों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *