विन्ध्य क्षेत्र में पिछले 15 वर्षों में अभूतपूर्व विकास हुआ है

रीवा 01 नवम्बर 2022. जिले में प्रदेश का स्थापना दिवस उल्लास के साथ मनाया गया। जिले भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करके आमजनों ने स्थापना दिवस मनाया। जिला स्तरीय कार्यक्रम कृष्णा राजकपूर ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्री राजमणि पटेल ने कहा कि प्रदेश स्थापना दिवस हम सबके लिए गौरव का दिन है। इस दिन हमें उल्लास के साथ विकास का संकल्प भी लेना है। मध्यप्रदेश देश का ह्मदय प्रदेश है। जो स्थान शरीर में ह्मदय का है वही देश में मध्यप्रदेश का है। प्रदेश में आजादी के संघर्ष से लेकर अब तक अनेक परिवर्तन हुए हैं। ऐतिहासिक पृष्ठभूमि तथा विकास की परिकल्पना के साथ प्रदेश तेजी से आगे बढ़ा है। प्रदेश के विकास में योगदान देने वाले सभी व्यक्तियों का मैं आभार व्यक्त करता हूँ। मध्यप्रदेश और इसका विन्ध्य क्षेत्र भगवान राम की तपोभूमि है। भगवान राम ने आसुरी शक्तियों से संघर्ष करने में गरीबों तथा वनवासियों का सहयोग लिया। उन्होंने सदैव गरीबों का कल्याण किया। देश की सबसे बड़ी ताकत गरीब, मजदूर और किसान हैं। इनके कल्याण से ही प्रदेश के विकास का सपना साकार होगा।

 

समारोह में सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि विन्ध्य क्षेत्र में पिछले 15 वर्षों में अभूतपूर्व विकास हुआ है। मध्यप्रदेश के गठन के समय विन्ध्य प्रदेश के विकास के लिए ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन निर्माण का संकल्प लिया गया था। लेकिन तमाम बाधाओं के बाद 1993 में रीवा से ट्रेन चल पाई। अब इस रेलवे लाइन पर तेजी से काम किया जा रहा है। विन्ध्य में सिंचाई, फोरलेन सड़क निर्माण तथा विकास के अन्य कार्य हुए। मध्यप्रदेश ने पिछले साल गेंहू का रिकार्ड निर्यात किया। वर्तमान में विकास की जो गति है वह प्रदेश को नई उँचाई देगी। सबके समन्वित प्रयास से प्रदेश आगे बढ़ेगा।
समारोह में पूर्व मंत्री एवं विधायक रीवा श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का अनूठा राज्य है। जिसकी सीमाएं पांच राज्यों को छूती हैं। यह नर्मदा तथा सोन जैसी नदियों का उद्गम स्थल है। यहाँ अपार खनिज संपदा, वन संपदा, वन्य जीव, ऐतिहासिक स्थल, प्राकृतिक स्थल हैं। प्रदेश का आध्यात्मिक दृष्टि से भी महत्व है। देश के अन्य राज्यों की तुलना में मध्यप्रदेश के विकास की सर्वाधिक संभावनाएं हैं। रीवा ने भी पिछले 15 वर्षों में सिंचाई, सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य सुविधाओं, ऊर्जा तथा अन्य क्षेत्रों में तेजी से विकास किया है। समारोह में विधायक त्योंथर श्री श्यामलाल द्विवेदी ने कहा कि मध्यप्रदेश ऐसा प्रदेश है जिसके चित्रकूट में भगवान राम तो उज्जैन में भगवान कृष्ण रहे। इस गौरवशाली प्रदेश के विकास में हर व्यक्ति अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दे।

समारोह में शासकीय कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने मध्यप्रदेश गान की मधुर प्रस्तुति दी। समारोह में लोक कलाकारों के लोक नृत्य तथा सरोद वादन की धूम रही। समारोह में विधायक सिरमौर श्री दिव्यराज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, नगर निगम के अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, कमिश्नर अनिल सुचारी, एडीजीपी केपी व्यंकटेश्वर राव, डीआईजी मिथिलेश शुक्ला, कलेक्टर मनोज पुष्प, पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन, आयुक्त नगर निगम मृणाल मीणा, अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह, सभी अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विद्यार्थीगण तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भोपाल में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सजीव प्रसारण दिखाया गया।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *