संभाग में 10 अगस्त को महाअभियान में लगाए जाएंगे दो लाख से अधिक पौधे

रीवा 04 अगस्त 2022. संभाग के सभी जिलों में अंकुर अभियान के तहत पौधारोपण लगातार किया जा रहा है। पौधारोपण का महाअभियान 10 अगस्त को आयोजित किया जा रहा है। कमिश्नर अनिल सुचारी ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से पौधारोपण अभियान के तैयारियों की समीक्षा की। कमिश्नर ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा के लिए जन सहयोग से पौधारोपण का महाअभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए कलेक्टर, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थाओं, व्यापारी वर्ग, औद्योगिक संस्थानों तथा आमजनता का सहयोग प्राप्त करें। पौधारोपण को जन आंदोलन बनाकर ही अंकुर अभियान के लक्ष्य पूरे होंगे। संभाग के सभी जिलों में 10 अगस्त को आयोजित महाअभियान में मुख्यमंत्री जी की वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर अपनी सहभागिता निभाएंगे।

कमिश्नर ने कहा कि 10 अगस्त को सभी ग्राम पंचायतों में तथा नगरीय निकाय के प्रत्येक वार्ड में कम से कम 75 पौधे रोपित किए जाएंगे। इनके लिए उपयुक्त स्थान पर गड्ढे तत्काल तैयार कराएं। वन विभाग तथा उद्यानिकी विभाग के सहयोग से रोपण के लिए पौधों की व्यवस्था करें। संभाग में पर्याप्त संख्या में पौधे उपलब्ध हैं। सभी वन मण्डलाधिकारी अभियान के लिए पौधों की आपूर्ति सुनिश्चित करें। साथ ही वन समितियों के माध्यम से सामूहिक रूप से पौधारोपण भी कराएं। पंचायतराज संस्थाओं तथा नगरीय निकायों के सभी नव निर्वाचित पदाधिकारियों से भी कम से कम एक पौधा अवश्य रोपित कराएं। आयुक्त नगर निगम शहर में उपयुक्त स्थल का चयन कर वहाँ सामूहिक रूप से पौधारोपण कराएं। अभियान में सांसदगण, विधायकगणों तथा अन्य चुने हुए जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करें।

कमिश्नर ने कहा कि संभाग में 10 अगस्त को कम से कम 209475 पौधे रोपित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसकी शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें। सभी वर्गों और समुदायों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करें। जिला शिक्षा अधिकारी स्कूल परिसरों में विद्यार्थियों से पौधारोपण कराएं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता महिलाओं को पौधारोपण के लिए प्रेरित करें। इसी तरह अन्य विभाग भी अभियान में अपनी पूरी भागीदारी निभाएं। अंकुर अभियान के तहत पौधारोपण के कार्यक्रमों को हर घर तिरंगा अभियान का संदेश देने के लिए भी उपयोग करें। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में संयुक्त आयुक्त निलेश परीख ने पौधारोपण की कार्ययोजना की जानकारी दी। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में सभी जिलों के कलेक्टर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, आयुक्त नगर निगम तथा अन्य संबंधित अधिकारी शामिल रहे। कमिश्नर कार्यालय से उप संचालक सतीश निगम, सहायक संचालक उद्यानिकी योगेश पाठक एवं अन्य अधिकारी इसमें शामिल हुए।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *