प्राचीन संस्कृति व परंपरा को जीवित रखकर ही विकास की ऊंचाईयां छुई जा सकती हैं – विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम

विधानसभा अध्यक्ष का दुर्गा नगर में हुआ नागरिक अभिनंदन

रीवा 07 मई 2022. विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम का दुर्गा नगर में नागरिक अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अपनी प्राचीन संस्कृति व परंपरा को जीवित रखकर ही विकास की ऊंचाईयां छुई जा सकती हैं और भारत विश्व गुरू का दर्जा प्राप्त कर पाने में सक्षम हो सकता है। उन्होंने कहा कि विकास की दौड़ में समाज की चेतना का होना आवश्यक है। इसलिए जरूरी है कि देश के युवा विकास के साथ अपने महान देश के गौरव को बनाए रखें, क्योंकि हमारे देश की चेतना आध्यात्मिक है जिसके कारण सम्पूर्ण विश्व इसका लोहा मानता है।

दुर्गा मंदिर प्रांगण में आयोजित विशाल जनसमूह को मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस गांव के पूर्ववर्ती नाम को परिवर्तित कर दुर्गा नगर किए जाने का कार्य प्राथमिकता से कराया जाएगा तथा इस गांव को गड्डी मुख्य मार्ग से जोड़े जाने के सभी प्रयास होंगे। श्री गौतम ने कहा कि जनता के विश्वास को कायम रखना जनप्रतिनिधियों का दायित्व है। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजक डॉ. उमेश दीक्षित की इस बात के लिए प्रशंसा की कि उन्होंने अपनी जन्मभूमि की सेवा के लिए हर संभव प्रयास किए तथा एक सफल पत्रकार बनकर लोगों को अखबार का पाठक बनाकर रखने कार्य किया।

इस अवसर पर अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि इस गांव ने स्वच्छता के क्षेत्र में उनके कार्य को पहचान दिलाई। जिसके कारण मैंने स्वच्छता के सामाजिक क्रांति में अपना फर्ज निभाया। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को देश के सामाजिक व अन्य विकासशील कार्यों में अपनी सहभागिता निभानी होगी तभी नैतिक संबल मिलेगा और हमारा देश आर्थिक व सामाजिक ऊंचाईयां छूकर विश्व में अपना परचम लहरा सकेगा, क्योंकि सामाजिक चेतना की वृद्धि से देश आगे बढ़ता है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गुढ़ विधायक श्री नागेन्द्र सिंह ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष श्री गौतम व सांसद श्री जनार्दन मिश्र आदर्श जनसेवक हैं। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष जी के साथ अपने घनिष्ठ संबंधों की चर्चा की तथा कहा कि श्री गौतम अपने स्वर्गीय पूज्य पिताजी की सेवाभाव की परंपरा के निर्वहन के क्रम को आगे बढ़ा रहे हैं। श्री सिंह ने डॉ. उमेश दीक्षित के अपने गांव के सेवाभाव की प्रशंसा करते हुए उसे अनुकरणीय बताया। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए अपना संकल्प दोहराया।

इससे पूर्व कार्यक्रम के आयोजक डॉ. उमेश दीक्षित ने अतिथियों का स्वागत करते हुए गांव का नाम दुर्गा नगर करने तथा गांव को मुख्य मार्ग से जोड़े जाने हेतु सड़क निर्माण कार्य को कराए जाने की मांग रखी। उन्होंने अतिथियों को अभिनंदन पत्र, प्रतीक चिन्ह तथा शॉल एवं श्रीफल सौंपकर सम्मानित किया। विधानसभा अध्यक्ष सहित अतिथियों का कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर उपस्थित आचार्यों ने स्वास्ति वाचन कर अभिनंदन किया। अतिथियों ने दुर्गा मंदिर में माँ दुर्गा की पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम में श्रीमती प्रज्ञा त्रिपाठी, श्री राम सिंह, सरदार प्रहलाद सिंह, कमलजीत सिंह डंग, डॉ. सीबी शुक्ला, एडवोकेट सुशील तिवारी, अरविंद मिश्रा, अवधेश तिवारी, पुष्पेन्द्र गौतम सहित कनौजा, लक्ष्मणपुर तथा आसपास के गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, प्रबुद्ध नागरिक तथा पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मोहनलाल तिवारी ने किया। एडवोकेट राजकुमार शुक्ला के आभार प्रदर्शन के साथ ही कार्यक्रम का समापन हुआ।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *