पूर्व मंत्री तथा विधायक सेमरिया ने गौ अभ्यारण्य में किया सात गौशालाओं का भूमिपूजन

रीवा 22 जनवरी 2022. निराश्रित गौवंश की उचित देखभाल तथा जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए रीवा जिले में बसामन मामा गौ अभ्यारण्य का विकास किया जा रहा है। इसके विस्तार के क्रम में पूर्व मंत्री एवं विधायक रीवा श्री राजेन्द्र शुक्ल तथा विधायक सेमरिया श्री केपी त्रिपाठी ने 7 गौशालाओं एवं एक नर्सरी निर्माण का भूमिपूजन किया। इनकी कुल लागत तीन करोड़ 20 लाख 51 हजार रुपए है। समारोह में एक करोड़ रुपए की लागत से निर्मित तीन गौशालाओं का लोकार्पण भी किया गया। समारोह में कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी, एसडीएम सिरमौर नीलमणि अग्निहोत्री, उप संचालक पशुपालन डॉ. राजेश मिश्रा, सीईओ जनपद सिरमौर एसके मिश्रा तहसीलदार सेमरिया प्रवीण त्रिपाठी तथा आमजन उपस्थित रहे।

समारोह में पूर्व मंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि गौ सेवा अर्थ, धर्म और मोक्ष प्राप्त करने का सरल साधन है। भारतीय संस्कृति के आधार स्तंभों में गंगा, गायत्री और गीता के साथ गौ माता को समाहित किया गया है। इन स्तंभों पर ही भारतीय संस्कृति टिकी हुई है। प्राचीन ग्रंथों में गौ माता के महत्व को भलीभांति प्रतिपादित किया गया है। गाय अमृतमयी दूध देने के साथ-साथ गोबर और गोमूत्र जैसे उपयोगी पदार्थ भी हमें देती है। हम गाय को घास, भूसा, छिलका, चोकर आदि सामग्री खाने के लिए देते हैं उसके बदले में हमें गाय से अमृतमयी दूध प्राप्त होता है। बसामन मामा गौ अभ्यारण्य पूरे क्षेत्र के गौवंश के लिए आश्रय स्थल के रूप में तेजी से विकसित हो रहा है। इसके साथ-साथ यहाँ जैविक खाद तथा अन्य सामग्रियां तैयार करके जैविक खेती को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इस अभ्यारण्य से गोकाष्ठ, गोनाइल तथा जैविक खेती बनाने वाले स्वसहायता समूह को रोजगार का भी अवसर मिल रहा है। गौ अभ्यारण्य के विकास के लिए हर संभव सहायता दी जाएगी।

समारोह में विधायक सेमरिया ने कहा कि गौमाता की जितनी सेवा और पूजा की जाए उतना कम है। क्योंकि गौमता के स्वरूप में ईश्वर का वास होता है। आज पूरे सेमरिया क्षेत्र में 14 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध हुई है। इस सिंचाई से खेत अन्न का विपुल उत्पादन कर रहे हैं। यह बसामन मामा अभ्यारण्य की गौ माता का ही आशीर्वाद है। पूर्व मंत्री श्री शुक्ल के प्रयासों से बसामनमामा गौवंश वन्य विहार की स्थापना हुई तथा इस क्षेत्र के धार्मिक स्थलों का सौन्दर्यीकरण कराया गया। समारोह में कलेक्टर ने कहा कि गौवंश वन्य विहार के विकास के लिए सभी प्रबंध किए जाएंगे। इस गौ अभ्यारण्य को मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा।

पूर्व मंत्री श्री शुक्ल, विधायक सेमरिया तथा कलेक्टर ने गौ अभ्यारण्य में निर्माणाधीन विभिन्न कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने गौशालाओं तथा भूसा शेड का अवलोकन किया। उन्होंने जैविक खाद एवं गोनाइल बनाने वाले स्वसहायता समूह की महिलाओं से भी जैविक खाद निर्माण के संबंध में चर्चा की।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *