कलेक्टर ने सातवीं आर्थिक गणना रैली को किया रवाना

रीवा 02 सितम्बर 2019. कलेक्टर ओमप्रकाश श्रीवास्तव ने कलेक्ट्रेट परिसर से सातवीं आर्थिक गणना के प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की वाहन रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर सहायक सांख्यिकी अधिकारी आरएस पाण्डेय तथा सीएससी द्वारा नियुक्त प्रगणक एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि भारत सरकार द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सातवीं आर्थिक गणना जिले में सितम्बर से दिसम्बर माह तक की जायेगी। सभी पर्यवेक्षक तथा प्रगणक भारत शासन द्वारा दिये गये निर्देशों के अनुसार आर्थिक गणना सम्पन्न करायें। मोबाईल एप्लीकेशन की मदद से घर-घर जाकर सर्वेक्षण करें। इस एप के माध्यम से आम जनता के संबंध में सही जानकारी दर्ज करें।
कलेक्टर ने कहा कि आर्थिक गणना के माध्यम से एकत्र की गई जानकारी से जिले के उद्योगों की वास्तविक आर्थिक स्थिति ज्ञात होगी। जिले में आर्थिक गतिविधियों से जुड़े लोगों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए आर्थिक गणना से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर नीति निर्धारित की जायेगी। उद्योगों की स्थिति तथा रोजगार की स्थिति भी इससे स्पष्ट होगी। आर्थिक गणना में नागरिकों द्वारा दी गई जानकारी को पूरी तरह से गोपनीय रखा जायेगा। उन्होंने आम जनता से सर्वेक्षण कार्य में सहयोग की अपील की है। कलेक्टर ने प्रगणकों तथा पर्यवेक्षकों को निर्धारित प्रपत्रों में समय-सीमा में वांछित जानकारी एकत्रित करने के निर्देश दिए हैं।

जिले में सातवीं आर्थिक गणना सितम्बर से दिसम्बर तक

रीवा 02 सितम्बर 2019. भारत सरकार सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय नई दिल्ली के निर्देशानुसार संपूर्ण भारत में सातवीं आर्थिक गणना 2019 का कार्य माह सितम्बर से दिसम्बर के बीच संपन्न किया जाना है। जिले की भौगोलिक सीमा के भीतर आर्थिक गतिविधियों से संबंधित जानकारी निर्धारित प्रारूप में मोबाइल एप्लीकेशन की मदद से घर-घर जाकर सर्वे के माध्यम से नागरिक सुविधा केन्द्रों के द्वारा नियुक्त किये गए प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों द्वारा एकत्रित एवं सत्यापित की जाएंगी।
आर्थिक गणना के माध्यम से एकत्रित की गई जानकारी उद्यमों की वास्तविक आर्थिक स्थिति प्राप्त करने में मदद करेगी। नागरिकों द्वारा दी गई जानकारी को पूरी तरह से गोपनीय रखा जायेगा।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *