उपलब्धियों की इमारत लिखने का स्वर्णिम अवसर है विद्यार्थी जीवन – कमिश्नर डॉ. अशोक कुमार भार्गव

विद्यार्थी जीवन उपलब्धियां खड़ी करने के लिए स्वर्णिम अवसर होता है। विद्यार्थी अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन से कई उपलब्धियां अर्जित कर सकते हैं। विद्यार्थी ऐसा कार्य करें कि अभिभावक उस पर गर्व कर सकें। अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के लिए उपयोगी नागरिक बनकर विद्यार्थी अपना अमूल्य योगदान दे सकते हैं। यह विचार शासकीय ठाकुर रणमत सिंह महाविद्यालय रीवा में अर्थशास्त्र विभाग द्वारा आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में रीवा संभाग के कमिश्नर डॉ. अशोक कुमार भार्गव ने व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था में विद्यार्थियों की अहम भूमिका होती है। दुनिया की सभी नीतियां अर्थ के आसपास घूमती हैं। अर्थ ही हमारी नीतियों को प्रभावित करता है। होनहार विद्यार्थी देश की पूंजी हैं।
कमिश्नर रीवा संभाग डॉ. अशोक कुमार भार्गव ने पुरस्कार वितरण समारोह में छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि सफलता कड़ी मेहनत से ही प्राप्त की जा सकती है। सफलता कभी संयोग से नहीं मिलती है। सफलता प्राप्त करने के लिए नियोजित तरीके से मेहनत और लगन की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं अपने अंदर सकारात्मक सोच एवं हौसले बुलंद रखकर काम करेंगे तो जरूर कामयाब होंगे। उन्होंने कहा कि मेहनत से अर्जित की गई उपलब्धि की कीमत अधिक होती है। उन्होंने समझाइश देते हुए कहा कि परीक्षा में नकल करने से बेहतर है फेल हो जाना। उन्होंने विद्यार्थियों को हमेशा अच्छे कार्य करने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि अच्छे चरित्र से राष्ट्र महान बनता है। छात्र-छात्राएं यदि संस्कारवान हैं तो सफलता पाने में मुश्किलें पैदा नहीं होंगी। शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों का संस्कारवान होना भी जरूरी है। यदि विद्यार्थियों के संस्कार अच्छे होंगे तो वे स्वाभिमान के साथ जी सकेंगे और अभिभावक उन पर गर्व कर सकेंगे।
कमिश्नर डॉ. भार्गव ने कहा कि समय गतिमान है। यह लौटकर नहीं आता है। विद्यार्थी के रूप में आपको जो अवसर मिला है उसका भरपूर उपयोग करें। युवा शक्ति राष्ट्र की प्राण शक्ति होती है। युवाओं के हाथ में आसमान को छूने की ताकत होती है। व्यक्ति उम्र से नहीं बल्कि सोच और चिंतन से भी युवा होता है। यदि हौसले बुलंद हैं तो कितनी भी बाधाएं आ जाने पर सफलता जरूर प्राप्त होगी। पुरस्कार वितरण समारोह में कमिश्नर डॉ. भार्गव ने मुख्य अतिथि के रूप में छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगिताओं के पुरस्कारों का वितरण किया। इनके अन्तर्गत उन्होंने मतदाता जागरूकता के लिए आयोजित की गई निबंध प्रतियोगिता, बैनर प्रतियोगिता, पोस्टर प्रतियोगिता, रंगोली एवं अर्थशास्त्र विभाग की मैरिट सूची में आने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया।
महाविद्यालय के प्रार्चाय डॉ. रामलला शुक्ल ने कहा कि यह महाविद्यालय 150 वर्षों का सफर तय कर चुका है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में निरंतर विकास हो रहा है। इस महाविद्यालय को वर्तमान में उत्कृष्ट महाविद्यालय का दर्जा दिया गया है। यह सब महाविद्यालय के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं एवं प्राध्यपकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने महाविद्यालय परिसर से अतिक्रमण हटाने की मांग मुख्य अतिथि कमिश्नर डॉ. अशोक कुमार भार्गव के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि कमिश्नर डॉ. भार्गव के निर्देशानुसार महाविद्यालय के मुख्य दरवाजे पर रैम्प का निर्माण शीघ्र करा दिया जायेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया। छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना का गायन किया गया। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. भूपेन्द्र सिंह द्वारा किया गया। स्वागत उद्बोधन अर्थशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. आरएन तिवारी द्वारा दिया गया। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन अर्थशास्त्र विभाग की प्राध्यापक डॉ. भावना साहू द्वारा किया गया। कार्यक्रम में प्रोफेसर डॉ. अनिल तिवारी, डॉ. एसके शुक्ल सहित विभिन्न संकायों के प्राध्यापकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थीं।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *