रीवा मे भारत पर्व का आयोजन संपन्न

रीवा 27 जनवरी 2019. मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग एवं जनसम्पर्क विभाग के संयोजकत्व में जिला प्रशासन एवं नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में गणतंत्र दिवस की संध्या पर लोकतंत्र के लोकोत्सव भारत पर्व का आयोजन संपन्न हुआ। आयोजन में नृत्य नाटिका (कबीरा) तथा लोक नृत्य (गुदमबाजा) की प्रस्तुति ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
नगर निगम के टाउनहाल में आयोजित भारत पर्व आयोजन अवसर पर महापौर श्रीमती ममता गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमारा देश विविधताओं से भरा है जिसे सशक्त और संपन्न बनाने में प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका का निर्वहन करना चाहिए। हमारे राष्ट्रीय पर्व विरासत में मिली आजादी की खुशियाँ मनाने के क्षण होते हैं। लोकतंत्र के इस लोकोत्सव में बाहर से आये कलाकारों का उन्होंने स्वागत किया।
इस अवसर पर कमिश्नर रीवा संभाग डॉ. अशोक कुमार भार्गव ने कहा कि लोकनृत्य भारतीय संस्कृति की आत्मा है। इन्द्रधनुषीय रंग में लोकनृत्य व नृत्य नाटिकायें देश की समृद्ध संस्कृति की झलक प्रस्तुत करती हैं। गणतंत्र दिवस देश के महान सपूतों के त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर देते हैं। समाज में आपसी सद्भाव बना रहे इस हेतु राष्ट्र के प्रति हम अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर देश सेवा के भागीदार बन सकते हैं। उन्होंने गणतंत्र दिवस की आत्मीय शुभकामनाएँ देते हुए कलाकारों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में कलेक्टर ओमप्रकाश श्रीवास्तव ने गणतंत्र दिवस की संध्या पर लोकोत्सव भारत पर्व के आयोजन के लिये शासन को साधुवाद दिया। इस अवसर पर डॉ. शैली घोपे एवं साथियों (जबलपुर) ने कबीरा नृत्य नाटिका ने कबीर की रचनाओं की कथक के माध्यम से प्रस्तुतियां दी। मुरारीलाल भार्वे एवं दल (डिंडौरी) द्वारा लोकनृत्य (गुदुमबाजा) की प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। इससे पूर्व अधीक्षण यंत्री शैलेन्द्र शुक्ल ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन विवेक नामदेव ने किया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मयंक अग्रवाल, अपर कलेक्टर बीके पाण्डेय, अनुविभागीय अधिकारी हुजूर बलवीर रमण, उप संचालक जनसम्पर्क लक्ष्मण सिंह, तहसीलदार हुजूर जितेन्द्र तिवारी, जिला शिक्षा अधिकारी आरएन पटेल, सम्पत्ति अधिकारी अरूण मिश्रा सहित बड़ी संख्या में सुधी श्रोता उपस्थित थे।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *