हजारों लोगों ने गुब्बारे उड़ाकर दिया मतदाता जागरूकता का संदेश

रीवा 21 अक्टूबर 2018. विधानसभा निर्वाचन 2018 में अधिक से अधिक लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से मतदाता जागरूकता (स्वीप) गतिविधि अन्तर्गत आज हजारों की संख्या में लोगों ने शहर के हृदय स्थल शिल्पी प्लाजा के सामने इकठ्ठे होकर गुब्बारे उड़ाते हुए मतदाता जागरूकता का संदेश दिया।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती प्रीति मैथिल नायक एवं पुलिस अधीक्षक सुशांत सक्सेना के नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारियों, विभाग प्रमुखों सहित कर्मचारियों व बड़ी संख्या में शहर के लोगों ने समवेत होकर तिरंगे कलर के गुब्बारे आकाश में उड़ाये और समावेशी, सुगम, नैतिक एवं विश्वसनीय मतदान में भागीदार बनने का दृढ़ संकल्प लिया। उल्लेखनीय है कि जिले में मतदाता जागरूकता अन्तर्गत प्रयास अभियान के तहत लोगों को स्वयं मतदान करने व अधिक से अधिक लोगों को मतदान करनेे हेतु जागरूक करने के लिए कई कार्यक्रम व गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में आज शिल्पी प्लाजा बी ब्लाक के सामने इकठ्ठे होकर हजारों लोगों ने तिरंगे गुब्बारे उड़ाकर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में हर वोट बहुमूल्य है कोई मत बेकार न जाये अत: लोकतंत्र को मजबूत बनाकर देश के उत्थान में सभी भागीदार बनें। लोगों को मतदाता जागरूकता की शपथ भी दिलायी गई। इस दौरान अपर कलेक्टर इला तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, कमिश्नर नगर निगम आरपी सिंह, स्वीप नोडल अधिकारी नयन सिंह सहित छात्र-छात्राएँ व बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *