पहली बार उ प्र मे पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को मिलेगी राजपत्रित अधिकारी की नौकरी

उत्तर प्रदेश में पहली बार खेल जगत की किसी भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में कोई भी पदक जीतने वाले खिलाड़ी को प्रदेश सरकार अब सीधे द्वितीय श्रेणी के राजपत्रित अधिकारी  पद की नौकरी देगी। इसके लिये सरकार के खेल विभाग ने 11 सरकारी विभागों का चयन कर लिया है, जहां इन खिलाड़ियों को नौकरी दी जायेगी ।

प्रदेश के पुलिस विभाग में पिछले करीब 15 साल से खेल श्रेणी की बंद पड़ी दो फीसदी रिक्तियों को फिर खोल दिया गया है और इन पदों पर केवल राज्य स्तर और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का ही चयन किया जायेगा।
पदक जीतने वाले पुरूष या महिला खिलाड़ी का स्नातक होना जरूरी है। यदि कोई खिलाड़ी स्नातक नहीं है तो उसे स्नातक पाठयक्रम पूरा करने को कहा जायेगा, उसके बाद उसे नौकरी दी जायेगी। ‘ जिन 11 विभागों में इन खिलाड़ियों को द्वितीय श्रेणी राजपत्रित अधिकारी की नौकरी दी जायेगी, उनका भी चयन सरकार ने कर लिया है। इन विभागों में व्यापार कर, युवा कल्याण विभाग, पुलिस विभाग, राजस्व विभाग, खेल विभाग, बिजली विभाग, परिवहन विभाग, शिक्षा विभाग, वन विभाग, पंचायती राज्य विभाग तथा समाज कल्याण विभाग शामिल हैं।

उप्र में ऐसा पहली बार हो रहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सीधे द्वितीय श्रेणी राजपत्रित अधिकारी के पद पर नौकरी दी जायेगी।

Facebook Comments Box