तैयारी कर रहे सर्वोत्‍कृष्‍ट खिलाड़ियों को जेब खर्च के लिए 50,000 रुपये प्रति माह छात्रवृत्ति दी जाएगी

ओलम्पिक कार्यबल ने टोक्‍यो ओलम्पिक, आसियान खेलों या राष्‍ट्रमंडल खेलों की तैयारी कर रहे सर्वोत्‍कृष्‍ट खिलाड़ियों को जेब खर्च के लिए 50,000 रुपये प्रति माह छात्रवृत्ति देने की सिफारिश की है। सरकार ने इस सिफारिश को मंजूरी देते हुए आज 50,000 रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति देने का फैसला किया है। सरकार ने टीओपी योजना के तहत 152 खिलाड़ियों का चयन किया है। सरकार के इस फैसले से इन सभी खिलाड़ियों को फायदा होगा। यह छात्रवृत्ति पहली सितम्‍बर 2017 से देय होगी।

इस फैसले की घोषणा केन्‍द्रीय युवा मामलों एवं खेल राज्‍य मंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) कर्नल राज्‍यवर्धन राठौर (सेवानिवृत्‍त) ने सोशल मीडिया पर इस प्रकार की-

ट्वीटर पर राज्‍यवर्धन राठौर: “MYAS @IndiaSports टोक्‍यो/राष्‍ट्रमंडल/आसियान खेलों की तैयारी कर रहे 152 खिलाड़ियों को जेब खर्च के लिए 50,000 रुपये प्रतिमाह देने की घोषणा। सबसे पहले खिलाड़ी, हमेशा।

ट्वीटर पर राज्‍यवर्धन राठौर: भत्‍ता देय पहली सितम्‍बर 2017 से प्रभावी, पूरी तरह से सर्वोत्‍कृष्‍ट खिला‍ड़ियों की जेब खर्च के लिए। अपने विजेताओं के लिए सभी संसाधन उपलब्‍ध कराने के प्रति समर्पित।

सरकार टीओपी योजना के तहत प्रशिक्षण और कम्‍पीटिशन एक्‍सपोजर प्‍लान के लिए चयनित सभी खिलाड़ियों के सम्‍पर्क में है। सरकार प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए उन्‍हें आवश्‍यक मदद मुहैया करायेगी।

Facebook Comments Box