दलित समाज द्वारा आयोजित सम्मान समारोह कार्यक्रम में शामिल हुये उद्योग मंत्री

मंगल भवन का निर्माण कराया जायेगा

पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में म.प्र. सफाई मजदूर कल्याण संघ के तत्वाधान में दलित समाज का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ल थे। विशेष अतिथि के रूप में महापौर ममता गुप्ता और भाजपा जिलाध्यक्ष विद्याप्रकाश श्रीवास्तव उपस्थित थे।

इस अवसर पर उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने अपने उद्बोधन में कहा कि दलित समाज मेहनत पर विश्वास रखता है। अतः इनकी किसी भी समस्या का समस्या का समाधान तत्परता से किया जायेगा। गुढ़ चौराहे के पास आयोजित दलित समाज के सम्मान समारोह में मंत्री श्री शुक्ल ने घोषणा की कि इस समाज द्वारा शुभ अवसरों पर आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रमों के लिये मंगल भवन का निर्माण कराया जायेगा। नगर निगम इसके लिये कार्ययोजना बनाये। मंगल भवन निर्माण के लिये आवश्यकता पड़ने पर विधायक निधि से धनराशि उपलब्ध करायी जायेगी। उन्होंने सफाई कर्मचारियों की प्रशंसा करते हुये कहा कि इनकी मेहनत से रीवा क्लीन और ग्रीन बनेगा। उद्योग मंत्री ने पढ़ाई, खेल और कला के क्षेत्र में समाज के छात्र-छात्राओं, माताओं, बहनों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है, इस समाज के लोगों की प्रतिभा निखरकर सामने आ रही हैं। उन्होंने समाज के व्यक्तियों से बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने का आव्हान किया। उद्योग मंत्री ने कहा कि कोई भी व्यक्ति शिक्षा और स्वास्थ्य से वंचित न हो इसके लिये सरकार ने कई योजनाएं शुरू की हैं। इस मौके पर कृष्णप्रिय मैत्रेय, कमलजीत सिंह डंग, रोशनी मैत्रेय सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।

Facebook Comments Box