उद्योग मंत्री द्वारा रीवा-गोविन्दगढ़ रेलवे मार्ग पर रेलवे ओवर ब्रिज का भूमिपूजन

उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने रीवा-सीधी नई बी जी रेल लाइन पर गोविन्दगढ़ के समीप 7 करोड़ 24 लाख 79 हजार रूपये की लागत से बनने वाले करीब 610 मीटर लम्बे रेलवे ओवर ब्रिज का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रीवा अब महानगरों से जुड़ जायेगा। ट्रेनों का आवागमन बढ़ने से उद्योगों की स्थापना होगी। जिससे लोगों को रोजगार मुहैया हो सकेगा। मंत्री श्री शुक्ल ने अपने उद्बोधन में विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि रीवा को विकास की दृष्टि से प्रथम स्थान पर ले जाने का पूरा प्रयास हो रहा है। उन्होंने कहा कि बाणसागर जलाशय के बन जाने से सिंचाई सुविधाओं का विस्तार हुआ है और कृषक समृद्ध हुये हैं। इस पुल के बन जाने से जनता को आवागमन की  असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा और आर्थिक समृद्धि एवं विकास को गति मिलेगी। भूमि पूजन के अवसर पर महापौर ममता गुप्ता ने भी उपस्थित जनसमुदाय को सम्बोधित किया। इस दौरान एसडीएम के पी पाण्डेय, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग, विधायक प्रतिनिधि विवेक दुबे सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीयजन उपस्थित थे।

Facebook Comments Box