मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने जिला अस्पताल का किया निरीक्षण

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने जिला अस्पताल का किया निरीक्षण
रीवा 10 नवम्बर 2026. उपचार सेवाओं को बेहतर करने की दृष्टि से मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला
पंचायत श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा ने कुशाभाऊ ठाकरे जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी
ने ओपीडी कक्ष, गायनी वार्ड, एसएनसीयू, पीएनसीयू तथा अन्य वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती
रोगियों और उनके परिजनों से उपचार व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने गायनी वार्ड का
निरीक्षण करते हुए कहा कि हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं को प्रसव की संभावित तिथि से एक सप्ताह पहले बर्थ वेटिंग रूम
में भर्ती कराएं। उनके हीमोग्लोबिन और ब्लड प्रेशर की नियमित जाँच करें। हर महीने की 9 और 25 तारीख को
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों तथा अन्य अस्पतालों में आयोजित होने वाले शिविरों में विशेषज्ञ डॉक्टरों से गर्भवती महिलाओं
की जाँच कराएं। जाँच में किसी भी तरह की कठिनाई पाए जाने पर समुचित उपचार की व्यवस्था करें। मुख्य चिकित्सा एवं
स्वास्थ्य अधिकारी हर महीने लगाए जाने वाले शिविरों की नियमित समीक्षा करें। जिला अस्पताल में 16 नवम्बर को
एनिमिक गर्भवती महिलाओं को खून चढ़ाने के लिए विशेष शिविर लगाया जाएगा। इसके लिए महिलाओं का चिन्हांकन
करके उन्हें शिविर तक लेकर आने तथा वापस पहुंचाने की समुचित व्यवस्था करें। गर्भवती महिलाओं की समुचित देखभाल
तथा शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव होने से ही मातृ मृत्यु दर तथा शिशु मृत्यु दर पर नियंत्रण हो सकेगा। जिला अस्पताल
तथा अन्य स्वास्थ्य संस्थाओं को एनक्वास के अन्तर्गत क्वालिफाई कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं और तैयारियाँ करें।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था के संबंध में भी निर्देश दिए। निरीक्षण के समय सिविल
सर्जन डॉ. प्रतिभा मिश्रा, आरएमओ डॉ. अतुल पाण्डेय, डीएचओ डॉ. केबी गौतम तथा अन्य चिकित्सा कर्मी उपस्थित रहे।