किसानों को नकली बीज बेचने वालों के विरूद्ध कृषि विभाग प्रभावशील कार्रवाई करे

हाउसिंग बोर्ड शासकीय आवासों का निर्माण कार्य तेज गति से पूरा करे – कमिश्नर
किसानों को नकली बीज बेचने वालों के विरूद्ध कृषि विभाग प्रभावशील कार्रवाई करे
एसडीएम का दल बनाकर खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के विरुद्ध छापामार कार्रवाई करें
4 से 5 माह तक राशन का उठाव न करने वाले उपभोक्ताओं के नाम राशन पर्ची से काटे जाएं
नगरीय निकाय चित्रकूट में कामदगिरि परिक्रमा मार्ग की हर घंटे साफ सफाई कराएं

यूरिया रैक आमद की पोर्टल पर एंट्री अनिवार्य रूप से की जाए
कमिश्नर ने समय सीमा की बैठक में दिए निर्देश

रीवा 03 नवम्बर 2026. संभागीय समय सीमा की बैठक में रीवा संभाग कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने
हाउसिंग बोर्ड के अधिकारी को निर्देश दिए कि रीवा जिले में निर्माणाधीन सभी शासकीय आवासो का निर्माण कार्य तेज
गति से पूरा किया जाए। अतिरिक्त श्रमिक लगाकर निर्माण कार्य तेज गति से पूरे किए जाएं। ठेकेदार को भी तेज गति
से कार्य करने के लिए निर्देशित करें। शासकीय आवासों की गंभीर कमी बनी हुई है, अधिकारी एवं कर्मचारी शासकीय
आवास के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। जिले में शासकीय आवासों की सख्त आवश्यकता है। कमिश्नर ने निर्माणाधीन
ई, एफ, जी टाइप के शासकीय आवास निर्माण कार्य में और तेज गति से कार्य करने के निर्देश दिए और कहा कि जो
आवास पूर्ण हो चुके हैं उनको तत्काल हैंडओवर भी किया जाए। बताया गया कि रीवा जिले में 165 शासकीय आवास
का निर्माण कार्य प्रगति पर है और उसे समय सीमा में पूरा कराए जाने का प्रयास किया जा रहा है।

कमिश्नर ने संयुक्त संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विभाग को निर्देश दिए कि मऊगंज एवं अन्य
स्थानों में किसानों को नकली बीज बेचने की शिकायत प्राप्त हुई है। कमिश्नर ने इस पर सख्त नाराजगी जाहिर करते
हुए नकली बीज बेचने वालों के विरुद्ध प्रभावशील कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने आगामी पर्व एवं त्यौहारो
को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य पदार्थों एवं मिठाइयों में की जा रही मिलावट पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी
और कहा कि सभी अनुविभाग के अनुविभागीय अधिकारियों का दल बनाकर होटल एवं रेस्टोरेंट में एवं मिठाई की
दुकानों में बिकने वाली खाद्य पदाथों की आकस्मिक जांच कराई जाए एवं खाद्य पदार्थ जैसे कि मावा, मसाले, तेल,
मिठाई, दूध, घी, पनीर पर मिलावट करने वालों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सभी एसडीएम का दल
छापामार कार्रवाई कर मिलावट करने वाले दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज करें।

कमिश्नर ने जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक अधिकारी को निर्देश दिए कि वे शासकीय उचित मूल्य
दुकान में उपलब्ध राशन का उपभोक्ताओं से शत-प्रतिशत उठाव कराना सुनिश्चित करें। बताया गया कि कुछ उपभोक्ता
आयुष्मान कार्ड एवं अन्य कार्ड बनाने के लिए राशन पर्ची तो बना लेते हैं लेकिन राशन का उठाव नहीं करते हैं।
कमिश्नर ने 4 से 5 माह से राशन का उठाव नहीं करने वाले सभी उपभोक्ताओं के नाम राशन पर्ची से काटने के

निर्देश दिए। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन को निर्देश दिए कि वह आगामी पर्व को देखते हुए चित्रकूट
में कामदगिरि परिक्रमा मार्ग को स्वच्छ एवं साफ बनाएं। कमिश्नर ने कहा कि परिक्रमा मार्ग में प्रतिदिन बहुत अधिक
संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन होता है। इसलिए परिक्रमा मार्ग की हर घंटे साफ सफाई होती रहे। कमिश्नर ने पीपा
पुल निर्माण कार्य की भी जानकारी ली। कमिश्नर ने विपणन संघ के अधिकारी को निर्देश दिए कि वह प्रतिदिन लगने
वाली यूरिया की रैक की अद्यतदन जानकारी पोर्टल पर अपलोड करें और अभी से मांग के अनुसार यूरिया की आपूर्ति
सुनिश्चित करें। खरीदी केंद्रों में किसानों की लंबी-लंबी कतारे न लगें, इसलिए अभी से यूरिया की आपूर्ति सुनिश्चित
करते हुए उसका अग्रिम भंडारण किया जाए। किसी भी स्थिति में यूरिया की अनुपलब्धता से असामान्य स्थिति निर्मित
न होने पाए। बताया गया कि सतना में दो एवं रीवा में तीन यूरिया की रैक लगने वाली है। बरगवां में भी आगामी 2
दिन में एक यूरिया की रैक आने वाली है। मांग के अनुसार यूरिया की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। कमिश्नर ने
कृषि विभाग एवं विपणन संघ के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह प्रतिदिन यूरिया की उपलब्धता की मॉनिटरिंग करें
और यह सुनिश्चित करें कि किसानों को मांग के अनुसार समय पर यूरिया मिल जाए।

कमिश्नर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के आधिकारी को निर्देश दिए कि वह रोड रेस्टोरेशन का
कार्य शेष न रखें। सभी रोड रेस्टोरेशन के कार्य पूरे कर लिए जाएं। जिस रोड के रेस्टोरेशन का कार्य किया गया है
उसकी सूची भी उपलब्ध कराई जाए। बताया गया कि अभी 459 पाइप लाइनों के निर्माण का कार्य किया गया है।
कमिश्नर ने संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा विभाग से स्कूलों में संचालित नीट और जेईई की क्लास एवं टेस्ट के संबंध
में जानकारी ली। संयुक्त संचालक ने बताया कि जेईई और नीट के टेस्ट लिए जा चुके हैं। करीब ढाई हजार नए
विद्यार्थी प्रतिस्पर्धा में शामिल हुए हैं। करीब 6 हजार विद्यार्थियों ने बायो एवं करीब साढ़े चार हजार विद्यार्थियों ने
मैथ्स के पेपर का टेस्ट दिया है। शिक्षकगण अपनी क्लास में ही जेईई व नीट के टेस्ट लेते हैं इससे उनकी कक्षाएं
प्रभावित नहीं होती हैं। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि वे पीआईयू विभाग द्वारा
बनाए जा रहे हैं सांदीपनि विद्यालयों की ड्राइंग एवं डिजाइन देने में अनावश्यक विलंब न करें, इससे स्कूल का निर्माण
कार्य प्रभावित होता है।

कमिश्नर ने उच्च शिक्षा विभाग द्वारा महाविद्यालयों में संचालित यूपीएससी और एमपीपीएससी की
कक्षाओं के संबंध में जानकारी ली और कहा कि यदि पहले साल विद्यार्थी सफल नहीं होते हैं तब भी हमें निराश नहीं
होना चाहिए। यूपीएससी और एमपीपीएससी की कक्षाएं संचालित करने से एक सकारात्मक माहौल बनता है, जो बच्चों
के मार्गदर्शन का कार्य करता है। कमिश्नर ने पशुपालन एवं पशु चिकित्सा विभाग के संयुक्त संचालक को निर्देश दिए
कि वह सभी ग्राम पंचायतों में दुग्ध उत्पादन समिति बनाना सुनिश्चित करें। बताया गया कि वर्तमान में 144 ग्राम
पंचायतों में दुग्ध उत्पादन समिति बनाई गई हैं। कमिश्नर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह नवंबर माह में
सेवानिवृत्त हो रहे अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण संभागीय पेंशन कार्यालय में ऑनलाइन
भिजवाने की कार्यवाही करें। कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के उपरांत पीपीओ के साथ नो ड्यूज एवं उनके निर्धारित बकाया
स्वत्वों का भुगतान भी तत्काल कर दिया जाए। कमिश्नर ने कहा कि यदि किसी कर्मचारी की विभागीय जांच चल रही
है तो उक्त विभागीय जांच जल्द से जल्द पूरी कर कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण प्राथमिकता से बनाकर उन्हें पेंशन का
लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।

कमिश्नर ने नेशनल हाईवे पर हो रहे बड़े-बड़े गड्ढे को प्राथमिकता से भरने की कार्रवाई करने के
निर्देश दिए और कहा कि शहर के तिराहे से लेकर चौराहा तक बड़े-बड़े गड्ढे हैं जिन्हें भरने की कार्रवाई की जाए।
बताया गया कि लाड़ली पथ रोड तक बहुत से महाविद्यालय हैं उनके समीप गैरेज बना लिए गए हैं जिससे आए दिन
दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। कमिश्नर ने जिला परिवहन अधिकारी को तत् संबंध में कार्रवाई करने के निर्देश
दिए। जिला मत्स्य अधिकारी ने बताया कि रीवा संभाग में 45 स्मार्ट फीश पार्लर बनाए जाने हैं, जिसके अंतर्गत रीवा
जिले में 19 स्मार्ट फिश पार्लर बनाए जाएंगे। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक उद्यानिकी को निर्देश दिए कि वे इनोवेटिव
नवाचार को व्यापक रूप से बढ़ावा दें और संभाग के सभी जिलों में उद्यानिकी फसलों को लेकर किए जा रहे विभिन्न
नवाचारों से अन्य उद्यानिकी फसल लेने वाले किसानों को भी अवगत काराएं। कमिश्नर ने स्वास्थ्य विभाग एवं महिला
एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह गर्भवती महिलाओं की एएनसी चेकअप शत-प्रतिशत
कराया जाना सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने स्पष्ट हिदायत दी कि किसी भी स्थिति में गर्भवती महिलाओं का प्रसव घर
पर न कराया जाए। सभी प्रसव नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र एवं जिला चिकित्सालय में ही कराए जाएं। उन्होंने ऐसी स्थिति

निर्मित होने पर संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई करने के भी निर्देश
दिए। कमिश्नर ने स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों को संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने
के लिए एक निश्चित कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। समय सीमा की बैठक में उपायुक्त राजस्व एलएल अहिरवार,
डिप्टी कमिश्नर प्रदीप दुबे सहित सभी संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *