लायंस नेत्र चिकित्सालय में 18 मरीजों का सफल ऑपरेशन, गरीबों को मिली नई रोशनी

समय पर नेत्र जांच से बच सकती है आंखों की रोशनी : डॉ. प्रभाकर चतुर्वेदी

लायंस नेत्र चिकित्सालय में 18 मरीजों का सफल ऑपरेशन, गरीबों को मिली नई रोशनी

 

रीवा 26 अक्टूबर 2026. आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद मरीजों के लिए रीवा लायंस नेत्र चिकित्सालय राहत का केंद्र बन रहा है। अब तक अस्पताल में मोतियाबिंद के 31000 से अधिक मरीजों का आपरेशन किया जा चुका है, वहीं इस वर्ष भी अबतक 1000 से अधिक मोतियाबिंद आपरेशन करने वाला रीवा का पहला अस्पताल है। जिला दृष्टिहीनता नियंत्रण समिति के सहयोग से चिकित्सालय में आयोजित मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर में बीते दिवस 18 मरीजों की आधुनिक फीको तकनीक से सफल सर्जरी की गई। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण नेत्र उपचार उपलब्ध कराना रहा। शिविर के दौरान विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों ने मरीजों की विस्तृत जांच कर ऑपरेशन के लिए उपयुक्त मरीजों का चयन किया। इसके बाद आधुनिक उपकरणों की सहायता से सभी चयनित मरीजों की सफल सर्जरी की गई। ऑपरेशन के बाद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां, चश्मा, पौष्टिक भोजन और ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराई गई। साथ ही मरीजों को नियमित रूप से अस्पताल आकर आंखों की जांच कराने तथा धूल, धुएं और आंखों पर दबाव या चोट लगने जैसी परिस्थितियों से बचने की सलाह दी गई। चिकित्सालय के अध्यक्ष डॉ. प्रभाकर चतुर्वेदी ने बताया कि अस्पताल में आधुनिक फीको तकनीक से मोतियाबिंद का उपचार किया जा रहा है। जिला दृष्टिहीनता नियंत्रण समिति के सहयोग से पात्र मरीजों को पूरी तरह निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को भी बेहतर नेत्र चिकित्सा का लाभ मिल रहा है।

 

डॉ. चतुर्वेदी ने 50 वर्ष से अधिक आयु के लोगों से नियमित रूप से आंखों की जांच कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि मोतियाबिंद के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं करनी चाहिए और समय रहते विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेकर उपचार कराना चाहिए। इस अवसर पर  चिकित्सालय के उपाध्यक्ष एमजेएफ लायन अतुल जैन,  एम जे एफ ला. अरुण अग्रवाल पी एम जे एफ लायन महेंद्र सराफ, लायंस क्लब अध्यक्ष राजेश गुप्ता, सचिव एमजेएफ संजय गुप्ता,  ला.डॉ आरती गुप्ता,  ला. ओमप्रकाश गौतम, एमजेएफ ला.बी के थापर, एमजेएफ ला.डी.पी. सिंह परिहार, ला. प्रो. विभा श्रीवास्तव, ला.विनोद पांडेय , अस्पताल प्रबंधक प्रखर गुप्ता, ज्ञानेंद्र पाठक, ऑप्थैल्मिक असिस्टेंट मीनाक्षी सिंह, प्रियंका शुक्ला, शालिनी सिंह, आशीष पाठक, नर्स राजदुलारी पटेल और सहायिका परवीन खान सहित अस्पताल का स्टाफ एवं मरीजों के परिजन उपस्थित रहे। मरीजों और उनके परिजनों ने निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार के लिए रीवा लायंस नेत्र चिकित्सालय के पदाधिकारियो एवं प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *