कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने दशहरा तथा मूर्ति विसर्जन की तैयारी का लिया जायजा

कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने दशहरा तथा मूर्ति विसर्जन की तैयारी का लिया जायजा

 

रीवा 19 अक्टूबर 2026. रीवा जिले में नवरात्रि और दशहरा धूमधाम से मनाया जा रहा है।जिला मुख्यालय में मुख्य समारोह टीआरएस कॉलेज के एनसीसी मैदान में होगा, जिसमें 55 फुट के रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह ने एनसीसी परेड मैदान में आयोजित बैठक में दशहरा समारोह की तैयारी का जायजा लिया। दशहरा आयोजन समिति के सदस्यों के साथ बैठक में कलेक्टर ने कहा कि रीवा में परंपरा के अनुसार दशहरा उत्सव उल्लास से मनाया जाएगा। रावण दहन तथा चल समारोह के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। मुख्य समारोह स्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा एंबुलेंस सहित उपचार टीम भी तैनात की गई है। वाहनों की पार्किंग की विशेष व्यवस्था की जा रही है । इसके बाद कलेक्टर तथा पुलिस अधीक्षक ने देवी प्रतिमाओं के विसर्जन स्थलों करहिया घाट और छतुरिहा घाट बिछिया का भ्रमण किया।

कलेक्टर ने कहा कि विसर्जन स्थल पर गोताखोर और तैराक तैनात रखें। नगर निगम सफाई तथा प्रकाश की समुचित व्यवस्था करें।राहत और बचाव दल को टॉर्च, रस्सी तथा अन्य उपकरणों के साथ घाटों पर तैनात करें। घाट पर मूर्तियों की विसर्जन के लिए क्रमबद्ध व्यवस्था करें। मूर्ति विसर्जन करने वालों को अधिक समय तक घाट पर रुकने न दें। किसी को भी गहरे पानी में न जाने दें। विसर्जन स्थल पर पुलिस राजस्व और नगर निगम की टीम पूरे समय तैनात रहेगी। मूर्ति विसर्जन के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।

 

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कॉलेज चौराहे में सड़क निर्माण के कारण करहिया घाट में मूर्ति विसर्जन के लिए ट्रैफिक की नई व्यवस्था की गई है। वाहनों को एक और से आने और दूसरी ओर से जाने दिया जाएगा, जिससे जाम की स्थिति न बने। चौराहों पर पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। बड़ी मूर्तियों का विसर्जन करहिया में घाट नंबर दो पर किया जाएगा। यहां जेसीबी मशीन और हाइड्रा की व्यवस्था भी रहेगी। दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन केवल निर्धारित स्थलों पर ही करें इन स्थलों पर सुरक्षा के पूरे प्रबंध किए गए हैं। असुरक्षित स्थान पर मूर्ति विसर्जन करने से कभी भी दुर्घटना हो सकती है। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेंद्र गुप्ता,आयुक्त नगर निगम अक्षत जैन, एसडीएम हुजूर जितेंद्र तिवारी, कार्यपालन यंत्री राजेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भावना मरावी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजीव पाठक, डीएसपी यातायात सत्य प्रकाश मिश्रा तथा दशहरा उत्सव समिति के पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *