उद्योग मंत्री ने की शहर की पेयजल एवं सीवरेज व्यवस्था की समीक्षा

news no.90

रीवा 13 जनवरी 2017. उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने आज रीवा शहर की पेयजल सहित सीवरेज व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की । उन्होंने शहर में पेयजल की अनियमित सप्लाई पर अप्रसन्नता व्यक्त की व निर्देश दिये कि वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में पर्याटन क्षमता के मोटर लगाकर प्रत्येक मोहल्लों में नियमित पानी सप्लाई सुनिश्चित करायें । उद्योग मंत्री ने कहा कि कुठुलिया व रानी तालाब फिल्टर प्लांट से टंकियों को भरने की भी व्यवस्था करायें । उन्होंने रानी तालाब प्लांट को शीघ्र अपग्रेड करने तथा नये फिल्टर प्लांट को नियत समय में पूरा करने के निर्देश उन्होंने निर्माण एजेंसी को दिये ।

अमृत योजना के अन्तर्गत सीवरेज मैनेजमेंट व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उद्योग मंत्री ने कहा कि शहर में 214 करोड़ रूपये की लागत से कराये जाने वाला यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है जिसे तत्काल प्रारंभ कराते हुए निर्धारित समय में पूर्ण किया जाना सुनिश्चित करें । उन्होंने कहा कि अमृत योजना से जिन मोहल्लों में कार्य प्रारंभ हो वहाँ उसका पर्याप्त प्रचार-प्रसार भी किया जाय साथ ही एक कार्यक्रम आयोजित कर लोगों में इस हेतु जागरूकता भी पैदा की जाय ।

Facebook Comments Box