जिला न्यायालय रीवा में उल्लास कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित

जिला न्यायालय रीवा में उल्लास कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित
बच्चों को रचनात्मक मंच प्रदान करने का सराहनीय प्रयास – प्रधान जिला न्यायाधीश

​ रीवा 24 अगस्त 2026. मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रीवा द्वारा ‘उल्लास’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत न्यायालय परिवार के कर्मचारियों के बालक-बालिकाओं की रचनात्मक प्रतिभा, साहित्यिक अभिरुचि और कलात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नवीन जिला न्यायालय भवन, रीवा में जिला स्तरीय चित्रकला एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता संपन्न हुई।  प्रतियोगिता का शुभारंभ माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राकेश मोहन प्रधान द्वारा किया गया। इस आयोजन में न्यायालय परिवार के कर्मचारियों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए गठित निर्णायक मंडल में श्री मोहित कुमार जिला न्यायाधीश, डॉ. श्रीमती अंजली पारे जिला न्यायाधीश, श्रीमती आरती तिवारी असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसेल और कमलेश शुक्ला उपस्थित रहे। वहीं विषय विशेषज्ञ के रूप में सांई पब्लिक स्कूल के निदेशक श्री विक्रमादित्य तिवारी, फोमेंस स्कूल की श्रीमती शाईमा उस्मानी और बांधव पब्लिक स्कूल की सुश्री शाहीन खान ने अपनी सेवाएं प्रदान करते हुए प्रतिभागियों की प्रस्तुति का मूल्यांकन किया।

​ आयोजन के दौरान निबंध लेखन प्रतियोगिता के ग्रुप ‘ए’ में आस्तिक मिश्रा ने प्रथम तथा युवान पटेल ने द्वितीय स्थान हासिल किया। ग्रुप ‘बी’ में अनुश्री राय ने प्रथम, विधि तिवारी ने द्वितीय एवं अक्षत तिवारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं ग्रुप ‘सी’ में स्वाति दुबे प्रथम स्थान पर रहीं, जबकि गरिमा साकेत व कीर्ति तिवारी ने संयुक्त रूप से द्वितीय तथा निखिल साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ​चित्रकला प्रतियोगिता के अंतर्गत ग्रुप ‘ए’ में पार्थवी शुक्ला ने प्रथम, अनुश्री तिवारी ने द्वितीय और आरिका द्विवेदी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ग्रुप ‘बी’ में विधि तिवारी ने प्रथम, अर्शलान खान ने द्वितीय तथा आस्था सूर्यवंशी ने तृतीय स्थान अर्जित किया। ग्रुप ‘सी’ में कीर्ति तिवारी ने प्रथम और तृप्ती रावत ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

​ इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री प्रधान ने कहा कि उल्लास कार्यक्रम का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानना, उन्हें अपनी रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर देना तथा उनमें आत्मविश्वास व स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। बच्चों ने जिस उत्साह और रचनात्मकता के साथ भाग लिया है, वह अत्यंत सराहनीय है और ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।  ​कार्यक्रम के समापन पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं विशेष न्यायाधीश श्री संदीप शर्मा द्वारा विजेताओं को प्रमाण-पत्र व शील्ड प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। वहीं समस्त प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप प्रतिभागिता प्रमाण-पत्र एवं शील्ड दिए गए। इस सफल आयोजन में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती शर्मा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री समीर कुमार मिश्र, जिला न्यायालय के रजिस्ट्रार श्री पन्ना नागेश, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री अभय कुमार मिश्रा सहित जिला नाजिर व न्यायिक परिवार के अधिकारियों-कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती शर्मा ने उपस्थित अतिथियों, निर्णायक मंडल, विषय विशेषज्ञों, प्रतिभागियों एवं सहयोगी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *