पुलिस महानिदेशक ने मऊगंज की घटना में मृतक रज्जन दुबे के परिजनों से की भेंट

पुलिस महानिदेशक ने मऊगंज की घटना में मृतक रज्जन दुबे के परिजनों से की भेंट
पुलिस महानिदेशक ने घटना स्थल का किया निरीक्षण

रीवा 16 मार्च 2025. पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने मऊगंज जिले के गड़रा गांव पहुंचकर दुखद घटना में मृतक रज्जन दुबे के परिजनों से भेंट की तथा उन्हें ढाढस बंधाया। पुलिस महानिदेशक ने घटना स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि घटना में शामिल आरोपियों को तत्परता से पकड़कर कठोर कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी जिससे ऐसी स्थिति निर्मित हुई। शांति व्यवस्था बनाने के सभी प्रयास किए गए। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात है तथा गांव में शांति का माहौल है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। कुछ आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की गई है। शेष को शीघ्र ही गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने घटना में एएसआई रामचरण गौतम के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया तथा कहा कि पुलिस अपना कार्य पूरी मुस्तैदी से कर रही है।

इस दौरान एडीजी इंटेलीजेंस अनिल कुमार, कमिश्नर रीवा संभाग बीएस जामोद, डीआईजी साकेत प्रकाश पाण्डेय, कलेक्टर मऊगंज अजय श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक रीवा विवेक सिंह, पुलिस अधीक्षक मऊगंज रसना ठाकुर सहित प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box