राहत और बचाव के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद – उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

भारी वर्षा से रीवा शहर के कई मोहल्लों में बाढ़ जैसे हालात
राहत और बचाव के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद – उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल
उप मुख्यमंत्री ने जलमग्न क्षेत्रों का किया दौरा

रीवा 20 अगस्त 2026. रीवा में भारी वर्षा से रीवा नगर निगम क्षेत्र में कई मोहल्लों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। कई क्षेत्रों के जलमग्न होने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने जलमग्न क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने वार्ड क्रमांक 23 ललऊ घाट, वार्ड क्रमांक 15 विहान हॉस्पिटल, वार्ड क्रमांक 10 सामुदायिक भवन, वार्ड क्रमांक 41 भैरव मार्ग बिछिया तथा रानी तालाब क्षेत्र में पहुंचकर जलभराव से उत्पन्न स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जल भराव से प्रभावित लोगों से कहा कि पूरा प्रशासन स्थिति से निपटने के लिए मौके पर तैनात है और जहां भी लोग फंसे हैं, उन्हें सुरक्षित बाहर निकालते हुए उनकी हर कठिनाई को दूर किया जाएगा। राहत एवं बचाव कार्य के लिए जरूरी संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशास‍न की टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों में नजर बनाए हुए हैं। इससे पहले उप मुख्यमंत्री ने कंट्रोल रूम जाकर नगर में जलभराव, राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और नगर निगम आयुक्त को सभी प्रभावित मोहल्लों से अविलंब पानी निकालने और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। राजस्व और पुलिस विभाग की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से त्वरित रूप से निपटा जा सके।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *