जहां-जहां बाढ़ का पानी है वहां राहत कैंप खोले जाएं – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

जहां-जहां बाढ़ का पानी है वहां राहत कैंप खोले जाएं – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जनहानि एवं पशु हानि न हो
कमिश्नर सर्वे दल गठित कर बाढ़ नुकसान का सर्वे कराएं
जहां फसल क्षति की सूचना है वहां सर्वे दल प्राथमिकता से फसल क्षति का सर्वे करें
किसानों को कम पानी वाली फसल लेने के लिए प्रेरित किया जाए
सभी नगरीय निकायों एवं गांवो में साफ-सफाई का विशेष अभियान प्रारंभ करें
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रीवा एयरपोर्ट से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से कमिश्नर एवं कलेक्टर को दिए निर्देश

रीवा 23 अगस्त 2026. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जहां-जहां अभी भी बाढ़ का पानी है वहां कलेक्टर्स राहत शिविर खोलें। राहत शिविर में बाढ़ प्रभावित व्यक्तियों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद्य सामग्री, पीने के लिए शुद्ध पेयजल एवं चिकित्सा सुविधा अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को रीवा एयरपोर्ट से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रीवा एवं शहडोल संभाग के कमिश्नर एवं रीवा एवं शहडोल संभाग के जिलों के कलेक्टर्स को बाढ़ राहत एवं बचाव कार्य के निर्देश दिए और कहा कि जहां-जहां बाढ़ प्रभावित क्षेत्र हैं वहां पर किसी भी प्रकार की जनहानि और पशु हानि न होने पाए। जनहानि एवं पशु हानि से बचाव के सभी उपाय सुनिश्चित किए जाएं। मुख्यमंत्री ने रीवा एवं शहडोल संभाग के कमिश्नर को निर्देश दिए कि वह बाढ़ से हुए नुकसान का वास्तविक आंकलन करने के लिए टेक्निकल सर्वे दल का गठन कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान का सर्वे कराएं और जहां-जहां फसल क्षति की सूचना है वहां पर भी सर्वे दल जाकर प्राथमिकता से फसल क्षति का आकलन करें। जहां फसल क्षति हुई है वहां पर प्राथमिकता से प्रभावितों को जल्द से जल्द राहत राशि देना भी सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम किसानों को कम पानी वाली फसल लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि हम ऐसा माहौल बनाएं कि अगली बार किसान कम पानी वाली फसल लगाने के लिए प्रेरित हो सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि पटवारियों के माध्यम से कच्चे एवं क्षतिग्रस्त मकानो का भी सर्वे करा लिया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के दौरान सर्पदंश की घटनाएं न घटित होने पाए, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग अभी से सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग भी तत्परता से राहत कार्य में सहयोग करे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी कलेक्टर को निर्देश दिए की बाढ़ के दौरान घरों में पानी न घुसे इसके लिए प्रशासनिक अमला सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित करे। मुख्यमंत्री ने सीधी जिले में अत्यधिक वर्षा के चलते नवनिर्मित सड़क के बह जाने की घटना को गंभीरता से लेते हुए रीवा संभाग के कमिश्नर को निर्देश दिए कि वह सड़क बहने की घटना की टेक्निकल टीम से जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रीवा एवं शहडोल संभाग के कमिश्नर एवं रीवा, सतना, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, जबलपुर जिले के कलेक्टर से आमने-सामने चर्चा कर बाढ़ के दौरान अलर्ट मोड पर कार्य करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए की सभी नगरीय निकायों एवं गांवों में विशेष साफ-सफाई का अभियान प्रारंभ किया जाए ताकि वर्षा के दौरान हर प्रकार की बीमारी को एवं संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। उन्होंने राजस्व विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, चिकित्सा विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कार्य स्थल एवं फील्ड में 24 घंटे मुस्तैद रहने के निर्देश दिए और कहा कि यह सभी विभाग अपने-अपने दल बनाकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जाकर राहत एवं बचाव का कार्य करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि बाढ़ से प्रभावित लोगों का घर, सामान एवं खाने-पीने की वस्तुएं नष्ट हो गई हैं तो उन्हें तत्काल आरबीसी 6/4 के तहत सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि राहत शिविर में साफ सफाई का भी विशेष ध्यान रखा जाए। साफ-सफाई के अभाव में कोई भी संक्रामक बीमारी न फैलने पाए। मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टर को निर्देश दिए कि जहां-जहां बाढ़ का पानी उतर गया है वहां शासकीय अमले को भेजकर लोगों के भोजन एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने पाए। पीने के पानी की शुद्धता के संबंध में निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जल स्रोतों एवं हैंडपंपों में ब्लीचिंग पाउडर डालकर क्लोरिनेशन कराया जाए, साथ ही ऐसे सभी गांवों में और नगरीय क्षेत्र के वार्डों में जहां बाढ़ का प्रकोप रहा है वहां विशेष चिकित्सा शिविर आयोजित कर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दौरान बुखार एवं सर्दी जुकाम के मरीजों को भी गंभीरता से लिया जाए और उनका पूरी तरह इलाज किया जाए ताकि किसी भी तरह की महामारी की स्थिति निर्मित न होने पाए।
मुख्यमंत्री ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए की जिन गांवों में अति वर्षा से विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है वे उन गांव की विद्युत आपूर्ति तत्काल बहाल करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में पशुओं का इलाज प्राथमिकता से करें ताकि किसी भी प्रकार की महामारी न फैल पाए। बाढ़ के दौरान मृत सभी पशुओं का वैज्ञानिक तरीके से डिस्पोजल करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि गौशालाओं में भी पशुओं के लिए चारे एवं पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां बुवाई प्रारंभिक अवस्था में है तो वहां बुवाई नष्ट होने पर किसानो के लिए बीज की पर्याप्त व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। वीडियो कान्फ्रेंसिंग के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, विधायक सिरमौर श्री दिव्यराज सिंह, विधायक त्योंथर श्री सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, विन्ध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. पंचूलाल प्रजापति, उपाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गुप्ता, अध्यक्ष नगर निगम श्री व्यंकटेश पाण्डेय, पूर्व विधायक श्री केपी त्रिपाठी, आयुक्त जनसम्पर्क मनीष सिंह, रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह, आईजी गौरव राजपूत, डीआईजी हेमंत सिंह चौहान, कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, एसपी डॉ. गुरूकरण सिंह, आयुक्त नगर निगम अक्षत जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने गुलाब नगर के बाढ़ पीड़ितों को दी सांत्वना
संवेदनशील मुख्यमंत्री रीवा के गुलाब नगर के बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे

रीवा 23 अगस्त 2026. प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक दिवसीय प्रवास पर रीवा पहुंचे। मुख्यमंत्री ने रीवा एयरपोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रीवा और शहडोल संभाग में अति वर्षा से उत्पन्न स्थिति की जानकारी ली तथा अधिकारियों को आपदा प्रबंधन के संबंध में निर्देश दिए। वीडियो कान्फ्रेंसिंग के बाद मुख्यमंत्री ने रीवा नगर के गुलाब नगर में जल भराव से प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों को सांत्वना देते हुए कहा कि सभी पीड़ितों को हर संभव सहायता दी जाएगी। कलेक्टर बाढ़ से हुई क्षति का तत्काल सर्वे कराएं तथा पीड़ितों को हर संभव सहायता प्रदान करें। आपदा की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन जनता के साथ है। आज मैं केवल आप लोगों से मिलने के लिए ही यहां आया हूं। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गुप्ता, रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह, आईजी गौरव राजपूत, कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि गण तथा अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *