दूध बेचने वालों से दूध के नमूने लेकर जांच – बिना लायसेंस संचालित डेयरी सील

 

दूध बेचने वालों से दूध के नमूने लेकर जांच – बिना लायसेंस संचालित डेयरी सील

रीवा 01 अगस्त 2026. खाद्य पदार्थों में मिलावट को रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है। इस संबंध में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अम्बरीश दुबे ने बताया कि विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा की टीम ने रीवा नगर निगम क्षेत्र तथा ग्रामीण क्षेत्रों में दूध बेचने वालों से दूध के नमूने लेकर उनकी जांच कराई। कार्यवाही के दौरान राधे डेयरी, बजरंग डेयरी, महाकाल डेयरी, एसएसएफ चौराहा, अमूल्य दूध के वितरक सुमन श्री सेल्स एजेंसी रानीगंज रीवा से दूध के नमूने लिये गये। इसी तरह सेमरिया के पास दूध विक्रेता घनश्याम गौतम, रामलाल यादव, शिवदयाल, वासुदेव साहू, विनोद तिवारी तथा बाबूलाल यादव द्वारा बेंचे जा रहे दूध के नमूने लिए गये। निरीक्षण के दौरान चचाई के पास दूध कलेक्शन सेंटर तथा कान्हा दूध डेयरी बिना लायसेंस के संचालित पायी गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने डेयरी को सील कर इसके संचालक रवीन्द्र कश्यप के विरूद्ध खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि अतरैला में अतरैला डेयरी, कृष्णा डेयरी तथा सुनील मावा भण्डार से दूध और मावा के नमूने लिए गये। गुढ़ में पाण्डेय डेयरी तथा रीठी में न्यू जय डेयरी से दूध, दही, पनीर एवं मावा के नमूने लिये गये। सभी नमूनों की जांच की जा रही है जांच में नमूने अमानक पाये जाने पर दूकानदारों के विरूद्ध खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्यवाही की जायेगी।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *