लोक सेवा गारंटी में शामिल सेवाओं के आवेदन समय-सीमा में निराकृत करें – कलेक्टर

लोक सेवा गारंटी में शामिल सेवाओं के आवेदन समय-सीमा में निराकृत करें – कलेक्टर
कलेक्टर्स कान्फ्रेंस के एजेण्डा बिन्दुओं में कार्यवाही कर प्रतिवेदन दें – कलेक्टर

रीवा 27 जुलाई 2026. कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने टीएल पत्रों तथा सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का नियमित रूप से निराकरण करें तथा महीने की 5 तारीख तक 70 वेटेज स्कोर एवं 10 तारीख तक 80 वेटेज स्कोर प्राप्त करें। लगातार प्रयास करके लंबित प्रकरणों का निराकरण करें। लोक सेवा गारंटी योजना में शामिल सभी सेवाओं के आवेदन पत्रों का तय समय-सीमा में निराकरण करें। यदि आवेदन पत्र लोक सेवा केन्द्र से नहीं दर्ज हुआ है लेकिन आवेदक द्वारा मांगी गई सेवा लोक सेवा गारंटी योजना में शामिल है तो निराकरण समय-सीमा में करना अनिवार्य है। तय समय-सीमा में आवेदनों का निराकरण न होने पर अधिनियम के प्रावधानों के तहत जुर्माने की कार्यवाही की जाएगी। अधिकारियों से जुर्माने की राशि वसूल करके आवेदक को दी जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि सभी एसडीएम और तहसीलदार जनसुनवाई में प्राप्त तथा अन्य आवेदन पत्रों पर तत्परता और संवेदनशीलता से कार्यवाही करें। किसी भी स्थिति में आवेदन पत्र पेंडिंग न रखें। आवेदक यदि पात्र है तो उसे योजना का लाभ दें। अपात्र होने पर आवेदन पत्र अमान्य करें। श्रम विभाग की संबल योजना तथा अनुग्रह सहायता राशि के सभी आवेदन पत्र दो दिवस में निराकृत करें। सभी एसडीएम, जनपद के सीईओ तथा नगर पंचायत के सीएमओ के पास लंबित श्रम विभाग के आवेदनों का निराकरण कराएं। इसमें लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि 31 जुलाई को प्रस्तावित कलेक्टर्स कान्फ्रेंस के एजेण्डा बिन्दुओं पर संबंधित अधिकारी समुचित कार्यवाही करके प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार, कानून और व्यवस्था तथा शासन की उच्च प्राथमिकता की सभी योजनाओं की अद्यतन जानकारी दें। जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन पत्रों में से 800 से अधिक आवेदन पत्र अभी भी लंबित हैं। इनमें दो दिवस में कार्यवाही करके प्रतिवेदन ऑनलाइन दर्ज कराएं। अपर कलेक्टर जनसुनवाई के आवेदनों के निराकरण की प्रतिदिन समीक्षा करें। कलेक्टर ने जनसुनवाई के आवेदनों में कार्यवाही न करने पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत रायपुर कर्चुलियान को नोटिस देने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि नशामुक्ति के लिए जिले भर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सभी अधिकारी सौंपे गए दायित्व के अनुसार जागरूकता अभियान में अपनी भूमिका निभाएं। आगामी 15 अगस्त को जिले भर में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। मुख्य समारोह एसएएफ परेड मैदान में आयोजित होगा। समारोह की तैयारियों से जुड़े सभी अधिकारी समय पर तैयारी सुनिश्चित करें। समारोह में ध्वजारोहण, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा पुरस्कार वितरण के लिए समय पर तैयारियाँ कर लें। बैठक में अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी, एसडीएम हुजूर अनुराग तिवारी, डिप्टी कलेक्टर सुधीर बेक, डिप्टी कलेक्टर जितेन्द्र तिवारी तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *