जनगणना हैण्डबुक तैयार करने के संबंध में दिया गया प्रशिक्षण

जनगणना हैण्डबुक तैयार करने के संबंध में दिया गया प्रशिक्षण
रीवा 17 जुलाई 2026. जिले में शासन के निर्देशों के अनुसार जनगणना का कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशों के अनुसार सभी क्षेत्र पदाधिकारियों को जनगणना हैण्डबुक भरने के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। तहसील हुजूर के बीहर सभागार में आयोजित प्रशिक्षण में शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र के क्षेत्र पदाधिकारियों एवं चार्ज अधिकारियों को हैण्डबुक में जानकारी दर्ज करने के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। इस संबंध में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मनीष पटेल ने बताया कि जनगणना हैण्डबुक में सभी महत्वपूर्ण सूचनाओं का संकलन और सत्यापन किया जाएगा। हैण्डबुक के माध्यम से ही जनगणना से जुड़ी जानकारियों को ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा। हैण्डबुक के माध्यम से जिले की सामाजिक, आर्थिक, भौगोलिक एवं आधारभूत संरचनाओं के संबंध में तथ्यपरक जानकारी संकलित की जाएगी।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर शशिकांत शुक्ला एवं मुकेश मालवीय ने सभी प्रशिक्षण लेने वालों को हैण्डबुक तैयार करने की बिन्दुवार जानकारी दी। इसमें दर्ज आंकड़ों के सत्यापन तथा पोर्टल में दर्ज करने का भी प्रशिक्षण दिया गया। हैण्डबुक में ही विभिन्न निर्धारित प्रपत्रों में ग्रामीण और शहरी क्षेत्र की प्रोफाइल तैयार की जाएगी। त्रुटियों में सुधार करने तथा अंतिम रूप से ऑनलाइन जानकारी दर्ज करने की सम्पूर्ण प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया। हैण्डबुक में जिले की शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, सड़क, संचार, बैंकिंग, परिवहन, कृषि, पंचायत तथा नगरीय निकायों सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं को दर्ज किया जाएगा। प्रशिक्षण में तहसीलदार एवं चार्ज अधिकारी, तकनीकी सहायक तथा पटवारी उपस्थित रहे।