उप मुख्यमंत्री ने माड्यूलर आपरेशन थियेटर का किया लोकार्पण

उप मुख्यमंत्री ने माड्यूलर आपरेशन थियेटर का किया लोकार्पण
गर्भवती महिलाओं के पंजीयन और नियमित जाँच पर विशेष ध्यान दें – उप मुख्यमंत्री

रीवा 17 जुलाई 2026. उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कुशाभाऊ ठाकरे जिला चिकित्सालय बिछिया रीवा में नवीन भवन में बनाए गए आधुनिकतम माड्यूलर आपरेशन थियेटर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार बेहतर किया जा रहा है। जिला अस्पताल में आधुनिक ओपीडी भवन बन जाने से बाह्य रोगियों के उपचार की व्यवस्था अच्छी हुई है। उप मुख्यमंत्री ने सिविल सर्जन तथा चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिले से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तक रोगियों के उपचार की संतोषजनक व्यवस्था करें। गर्भवती महिलाओं का समय पर और शत-प्रतिशत पंजीयन कराएं। गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जाँच कर उन्हें समुचित दवाएं दें। प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा योजना के तहत प्रत्येक माह की 9 और 25 तारीख को स्वास्थ्य केन्द्रों में लगाए जाने वाले शिविरों में स्त्री रोग विशेषज्ञ तैनात करके गर्भवती महिलाओं की जाँच कराएं। यदि कोई महिला सीवियर एनिमिक है तो उसे जिला अस्पताल में भर्ती करके पूरा उपचार दें। सबके समन्वित प्रयासों से शिशु मृत्यु दर और मातृ मृत्यु दर पर नियंत्रण होगा।
उप मुख्यमंत्री ने नवीन आपरेशन थियेटर तथा विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। उप मुख्यमंत्री ने भर्ती रोगियों का हालचाल जाना। मौके पर उपस्थित सिविल सर्जन डॉ. प्रतिभा मिश्रा ने बताया कि दो नए आपरेशन थियेटर बन जाने से प्रतिदिन आपरेशन संभव हो सकेंगे। गंभीर रोगियों को आपरेशन के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। निरीक्षण के समय श्री राजगोपाल मिश्रा चारी, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, विशेषज्ञ सर्जन डॉ. आलोक सिंह दुबे, अन्य सर्जन डॉ. अनुराग शर्मा तथा अन्य चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *