खेत तालाब का निर्माण कार्य 45 दिन में पूरा कराएं – कमिश्नर

खेत तालाब का निर्माण कार्य 45 दिन में पूरा कराएं – कमिश्नर
कलेक्टर और एसपी शहर का एक एरिया चिन्हित कर ट्रैफिक नियम सख्ती से लागू कराएं
धरती आबा योजना अंतर्गत सभी निर्माणाधीन आवासों के कार्य अगस्त माह तक पूर्ण कराएं
स्व सहायता समूह के प्रोडक्ट आजीविका मार्ट में रखें जाएं और मध्यान्ह भोजन में समूह के मसाले एवं अन्य सामग्री उपयोग में लाएं
डब्ल्यूओडब्ल्यू एप के माध्यम से स्कूल के शौचालय एवं सामुदायिक स्वच्छता परिसर को क्लीन कराएं
शासकीय भवनों के लिए एसडीएम प्राथमिकता से शासकीय भूमि आवंटित करें
कमिश्नर ने विभिन्न विभागों की जिला स्तरीय बैठक में की समीक्षा

रीवा 15 जुलाई 2026. सभी खेत तालाब का निर्माण कार्य 45 दिन में पूरा कर लें। इसके लिए एक साल का समय किसी भी स्थिति में न लगे। वर्तमान में खेत तालाब के जो कार्य 45 दिन में पूरे हो सकते थे उसे एक साल में भी पूरा नहीं किया जा सका है। उक्त बात रीवा संभाग कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने बुधवार को रीवा जिले के विभिन्न विभागों की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में कही। उन्होंने सभी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि खेत तालाब के कार्य प्राथमिकता से 45 दिन में पूरे होने चाहिए। उन्होंने जल गंगा अभियान के सभी अपूर्ण कार्य 31 जुलाई तक पूरे करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह ग्रामीण विकास विभाग सहित अन्य सभी विभागों की हर माह तहसील स्तरीय बैठक लेकर प्रकरणों का निराकरण कराना सुनिश्चित करें। बैठक में कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, सभी अनुविभाग के राजस्व अधिकारी, सभी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, समस्त तहसीलदार एवं अन्य विभागों के विभाग प्रमुख उपस्थित रहे। कमिश्नर ने बैठक में राजस्व विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, पुलिस विभाग, आबकारी विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, उद्योग विभाग एवं जल संसाधन विभाग के विभिन्न कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की एवं सभी कार्य एवं योजनाओं में शत-प्रतिशत लक्ष्य एवं उपलब्धि हासिल करने के निर्देश दिए।

एरिया चिन्हित कर ट्रैफिक नियम सख्ती से लागू करने के दिए निर्देश – कमिश्नर ने बैठक में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि वह रीवा शहर का एक क्षेत्र चिन्हित कर उस क्षेत्र में ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराना सुनिश्चित करें। इसके बाद अन्य मार्गों पर भी ऐसे ही ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। शहर में पार्किंग की समस्या को देखते हुए शहर के अन्य स्थानों पर पार्किंग स्थल बनाएं एवं हाईवे पर स्थित दो ब्लैक स्पॉट में सुधार कराएं। कमिश्नर ने साइबर धोखाधड़ी से बचने के लिए चलाए जा रहे जागरूकता के कार्यक्रम एवं नशे का अवैध व्यापार करने वालों के विरुद्ध पुलिस विभाग द्वारा की गई कार्रवाई की समीक्षा की। कमिश्नर ने पटाखा फैक्ट्री एवं पटाखा बनाने वाली संस्थानों का एक बार निरीक्षण अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए।

धरती आबा योजना अंतर्गत सभी अपूर्ण आवास अगस्त माह तक पूर्ण करने के दिए निर्देश – कमिश्नर ने सभी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह धरती आबा योजना अंतर्गत लिए गए सभी अपूर्ण आवासों का निर्माण कार्य अगस्त माह तक पूर्ण करें। धरती आबा योजना भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। अतः इस योजना के अंतर्गत लिए गए सभी विकास के कार्य अनिवार्य रूप से पूरे कर लिये जाएं। आगामी 15 अगस्त तक सभी आवासों का निर्माण का कार्य पूर्ण करने वाले मुख्य कार्यपालन अधिकारी को स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा। सभी जनपद पंचायतों के सीईओ सभी कार्यों में बेहतर परिणाम दें। एक बगिया मां के नाम के तहत चयनित हितग्राहियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य करें। सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारी सतत रूप से गौशालाओं का निरीक्षण भी अनिवार्य रूप से करना सुनिश्चित करें।
मध्यान्ह भोजन में समूह के बनाए मसाले को उपयोग में लाएं – कमिश्नर ने सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह स्व सहायता समूह के हितग्राहियों को आत्मनिर्भर एवं लखपति दीदी बनाने की दिशा में कार्य करें। स्व सहायता समूह द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को आजीविका मार्ट में उपलब्ध कराएं तथा इनके प्रदर्शन करने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। समूह द्वारा बनाए गए उत्पादों को बाजार में भी उपलब्ध कराएं। स्कूलों में बनाए जाने वाले मध्यान्ह भोजन में स्वसहायता समूह के मसाले हल्दी, मिर्च, धनिया एवं अन्य वस्तुओं का उपयोग किया जाए ताकि समूह की आय में वृद्धि हो सके। जिन उत्पादों की मांग अधिक है उसका उत्पादन बढ़ाने के लिए समूह को सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराएं। सभी समूहों को क्रेडिट लिंकेज भी अनिवार्य रूप से दिलाएं। समूह को हर प्रकार से सपोर्ट करें ताकि वह बिचौलियों से बच सकें।
डब्ल्यूओडब्ल्यू एप के माध्यम से स्कूल एवं सामुदायिक स्वच्छता परिसर को क्लीन रखें – कमिश्नर ने सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारी , समस्त जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि वह डब्लयूओडब्लयू एप के माध्यम से स्कूल एवं सामुदायिक स्वच्छता परिसर की साफ सफाई कराना सुनिश्चित करें। सभी स्कूल के प्राचार्य एप के माध्यम से सफाई का कार्य बुक कराएं। एप के माध्यम से आने वाले सफाई कर्मी कम दर पर बेहतर तरीके से शौचालय की सफाई करते हैं। चिन्हित सफाई कर्मियों को प्रशिक्षित करें। स्कूल एवं सामुदायिक स्वच्छता परिसर में टूटे-फूटे टॉयलेटों की भी मरम्मत का कार्य समय रहते कराएं। स्कूल के शौचालय एवं सामुदायिक स्वच्छता परिसर में किसी भी स्थिति में ताले लगे हुए नहीं पाए जाएं। स्कूल परिसर के शौचालय स्वच्छ रहेंगे तो विद्यार्थी भी उसका उपयोग कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी जगह नियमित रूप से सफाई अनिवार्य रूप से कराएं।
शासकीय भवनों के लिए शासकीय जमीन प्राथमिकता से आवंटित कराएं – कमिश्नर ने सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासकीय भवनों तथा शासकीय प्रयोजन के लिए शासकीय भूमि प्राथमिकता से आवंटित करें। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अपनी निजी जमीन किसी शासकीय भवन के लिए देना चाहता है तो उससे दानपत्र अनिवार्य रूप से लें। कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए की वह ऐसे लंबित प्रकरणों में 30 दिन में सार्वजनिक भवनों व स्कूलों के लिए शासकीय भूमि आवंटित करना सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने निर्देश दिए की शासकीय जमीन या भवनों पर यदि किसी व्यक्ति द्वारा अतिक्रमण किया गया है तो उसे हटाते हुए संबंधित के विरुद्ध सिविल जेल की कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। अतिक्रमणकारियों पर सख्ती से कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। सार्वजनिक जमीन या परिसर पर अतिक्रमण होने और उसकी सूचना पटवारी द्वारा नहीं दिए जाने पर पटवारी पर भी नियमानुसार कार्रवाई करना सुनिश्चित करें।

नामांतरण, सीमांकन, अविवादित नामांतरण तथा बंटवारा के प्रकरण निराकृत कराएं – राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने निर्देश दिए की सभी तहसीलदार नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा और अविवादित नामांतरण के प्रकरण समय सीमा में निराकृत करें। उन्होंने कहा कि यदि पटवारी कार्य नहीं कर रहे हैं तो उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करना भी सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने फार्मर रजिस्ट्री के प्रकरणों का निराकरण चार दिवस में करने के निर्देश दिए।

गर्भवती महिलाओं एवं कुपोषित बच्चों की जांच के लिए शिविर लगाने के दिए निर्देश – कमिश्नर ने एएनसी रजिस्ट्रेशन की समीक्षा की और निर्देश दिए की गर्भवती महिलाओं की जांच के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर आरोग्य सेवा केंद्र में शिविर लगाकर उनका चेकअप कराएं। प्रसव के दौरान किसी भी गर्भवती महिला या नवजात शिशु की मृत्यु न होने पाए। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। कमिश्नर ने इस बात पर सख्त नाराजगी व्यक्त की कि स्वास्थ्य विभाग का अमला गंभीरतापूर्वक कार्य नहीं कर रहा है और कई मामलों में संवेदनहीनता से कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी को चेतावनी देते हुए कहा कि सभी स्वास्थ्यकर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन बेहतर तरीके से करना सुनिश्चित करें, अन्यथा कार्रवाई अधिरोपित की जाएगी। कमिश्नर ने टीबी स्क्रीनिंग की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए की टीबी दवा की बास्केट के लिए दवा विक्रेताओं, कॉरपोरेट सेक्टर, ग्राम पंचायत, लायंस क्लब नोटरी क्लब, जनप्रतिनिधि के माध्यम से वितरित करना सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को पोषण पुनर्वास केंद्र में अपेक्षा के अनुरूप कुपोषित बच्चों की भर्ती नहीं करने पर सख्त हिदायत दी। कमिश्नर ने निर्देश दिए की सभी कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कर उनका समुचित उपचार कर उन्हें स्वस्थ बच्चों की श्रेणी में लाएं। वर्तमान स्थिति पर उन्होंने सख्त नाराजगी व्यक्त की।

पदस्थापना स्थल पर न रहने वाले शिक्षकों को एचआरए न दिया जाए – कमिश्नर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि जो शिक्षक अपनी पदस्थापना वाले स्थल पर नहीं रहते हैं उन्हें एचएआरए का लाभ न दिया जाए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी विद्यार्थियों की शत प्रतिशत अपार आईडी और नामांकन बनाए जाएं।
कृषि एवं उद्यानिकी तथा जल संसाधन विभाग की की समीक्षा – कमिश्नर ने कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए वर्ष 2026- 27 की खरीफ फसलों के अंतर्गत बोनी की जानकारी ली। उन्होंने खाद एवं सुरक्षा पोषण मिशन योजना 2026-27 के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली तथा निर्देश दिए की अनुविभागीय राजस्व अधिकारी प्रतिमाह खाद एवं बीज की दुकानों का सतत निरीक्षण करना सुनिश्चित करें। यदि किसी दुकान में खाद एवं बीज की खराब क्वालिटी पाई जाती है तो संबंधित विक्रेता के लाइसेंस भी प्राथमिकता से निरस्त करें। कमिश्नर ने नरवाई जलाने वालों पर भी प्रभावी कार्रवाई करने और नरवाई प्रबंधन के लिए कस्टम हायरिंग सेंटर के माध्यम से किसानों को सुपर सीडर एवं हैप्पी सीडर यंत्र वितरित कराने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने उद्यानकी विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि वह रीवा में टमाटर की फसल के बंपर उत्पादन को देखते हुए टमाटर केचअप यूनिट डालने की प्रक्रिया शुरू करें। विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने सब स्टेशन एवं 33 केवी के ट्रांसफार्मर के संबंध में आवश्यक जानकारी ली। जल संसाधन विभाग की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि जिस क्षेत्र में इंडस्ट्री वालों को प्लांट आवंटित किये गये है वहां पर प्राथमिकता से उद्योग स्थापना के कार्य प्रारंभ कराएं। यदि नए एरिया में जमीन की आवश्यकता है तो उसकी मांग भी प्रेषित करें। आबकारी विभाग की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने आबकारी विभाग एवं पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से भ्रमण कर अवैध शराब बिक्री की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *