प्रभारी कलेक्टर ने वर्षा से पूर्व की जाने वाली तैयारियों की समीक्षा की

प्रभारी कलेक्टर ने वर्षा से पूर्व की जाने वाली तैयारियों की समीक्षा की
नगर निगम में स्थापित किया गया कंट्रोल रूम
रीवा 13 जून 2026. रीवा शहर में बाढ़ आपदा एवं राहत कार्य के लिए जिला प्रशासन एवं नगर निगम रीवा की संयुक्त टीम का आदेश जारी कर दिया गया है। शहरी क्षेत्र में बाढ़, अतिवृष्टि एवं जलभराव की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए नगर निगम का कंट्रोल रूम 24 घंटे, सातों दिन सक्रिय कर दिया गया है। बाढ़ आपदा से निपटने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। प्रभारी कलेक्टर एवं निगम आयुक्त श्री अक्षत जैन ने जिला प्रशासन, नगर निगम एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में बाढ़ आपदा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक की और निर्देश दिए कि जिन अधिकारियों को जो दायित्व सौंपे गए हैं वह उनका पूरी संवेदनशीलता के साथ निर्वहन किया जाना सुनिश्चित करें। आगामी वर्षा ऋतु को दृष्टिगत उन्होंने कहा कि रीवा शहर नदियों के किनारे बसा शहर है। अधिक वर्षा होने से बाढ़ की संभावना रहती है। शहर के निचले क्षेत्र बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र हैं, यहां प्रभावी बाढ़ राहत नियंत्रण एवं आपदा प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना अति-आवश्यक है। बैठक में वर्षा ऋतु के दौरान संभावित जलभराव, बाढ़ एवं आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी विभागों की जिम्मेदारियां तय की गई है । सभी अधिकारी समन्वय के साथ दायित्वों को निर्वहन करें।
नगर निगम रीवा कार्यालय में तत्काल प्रभाव से कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जो प्रतिदिन 24 घंटे संचालित रहेगा। नागरिक जलभराव, पेड़ गिरने, विद्युत बाधित होने तथा पशु बचाव एवं मृत पशु उठाव से संबंधित शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर 18008899711 तथा दूरभाष क्रमांक 07662-254568, 07662-320105, 07662-310346, 07662-320150 एवं 07662-320329 पर संपर्क कर सकते हैं। अनुराग तिवारी अनुविभागीय दंडाधिकारी हुजूर को संपूर्ण व्यवस्था के सुचारु संचालन हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। अनुपम पाण्डेय, तहसीलदार एवं प्रकाश द्विवेदी, उपायुक्त वित्त नगर निगम सहायक नोडल अधिकारी के रूप में दायित्व संभालेंगे। प्रभारी कलेक्टर ने इन अधिकारियों को निर्देश दिए कि मौसम विभाग से वर्षा पूर्वानुमानों पर सतत निगरानी रखें तथा आवश्यकता अनुसार अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित करें।