कलेक्टर ने अनुसूचित जाति महाविद्यालयीन कन्या छात्रावास का किया निरीक्षण

कलेक्टर ने अनुसूचित जाति महाविद्यालयीन कन्या छात्रावास का किया निरीक्षण
छात्रावास में व्यवस्थाएं सुधारने तथा सुविधाएं मुहैया कराने के दिए निर्देश
छात्राओं को मिलजुल कर रहने की दी हिदायत

रीवा 21 मई 2026. कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने अनुसूचित जाति महाविद्यालयीन कन्या छात्रावास का निरीक्षण किया तथा छात्रावास में व्यवस्थाओं को सुधारने और आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रावास में साफ-सफाई, पर्याप्त हवा की व्यवस्था के साथ ही गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि छात्रावास के कमरों में रोशनदान व खिड़कियाँ कम हैं जिससे पर्याप्त हवा की व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि सभी व्यवस्थाएं न हो सकें तो छात्रावास के लिए दूसरे भवन की व्यवस्था भी कराएं। उल्लेखनीय है कि गत दिवस जनसुनवाई में छात्रावास की छात्राओं ने कलेक्टर से मुलाकात कर छात्रावास की व्यवस्थाओं व गतिविधियों के विषय में आवेदन दिया था, जिसके परिप्रेक्ष्य में कलेक्टर ने आज छात्रावास का औचक निरीक्षण किया।

कलेक्टर ने छात्रावास में रसोई का निरीक्षण किया तथा खाना बनाने के लिए उपयोग में आने वाले खाद्यान्न व सब्जी आदि की गुणवत्ता देखी। उन्होंने कहा कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध हो ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। भोजन बनाने के बर्तन साफ व पर्याप्त मात्रा में रहें इसके लिए अतिरिक्त बर्तन भी खरीदें। कलेक्टर ने रसोईये को हिदायत दी कि गुणवत्तापूर्ण भोजन बनाएं अन्यथा उन्हें बदल दिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जिला संयोजक को निर्देशित किया कि छात्रावास में साफ-सफाई के लिए अतिरिक्त व्यक्ति की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं तथा छात्राओं के लिए पर्याप्त मात्रा में पलंग, कुर्सी-टेबल व आलमारी की व्यवस्था कराएं। कलेक्टर ने छात्रावास अधीक्षिका रेनू शुक्ला को निर्देश दिए कि छात्रावास में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न मिले अन्यथा उनके विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने छात्रावास की छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि सभी कटुता मिटाकर मिलजुल कर छात्रावास में रहें। वह सब यहाँ अपने माता-पिता और स्वयं के सपनों को पूरा करने के लिए अध्ययन करने आई हैं। इसलिए मिलजुल कर रहते हुए अपनी शिक्षा पूरी करें। उन्होंने हिदायत दी कि छात्रावास के विषय में किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं आए। वह कभी भी छात्रावास का औचक निरीक्षण करने आ सकते हैं। निरीक्षण के दौरान जिला संयोजक केके पाण्डेय, विश्वविद्यालय थाना के टीआई हितेन्द्रनाथ शर्मा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *