नवनिर्मित जिला कार्यालयों की सीमा में आए परिवारों का होगा शत-प्रतिशत पुनर्वास -कलेक्टर

नवनिर्मित जिला कार्यालयों की सीमा में आए परिवारों का होगा शत-प्रतिशत पुनर्वास -कलेक्टर संजय कुमार जैन कलेक्टर ने विस्थापितों को दिया आवास और पट्टों का आश्वासन मऊगंज 04 मई 2026.नवगठित मऊगंज जिले में प्रशासनिक ढांचे को मजबूती देने के लिए कलेक्ट्रेट, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला पंचायत, सिविल कोर्ट और शासकीय आवासों के निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसमे आने वाले 125 प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए जिला प्रशासन ने संवेदनशील रुख अपनाते हुए स्पष्ट कार्ययोजना बनाई है। जिला मुख्यालय को सुव्यवस्थित रूप देने के लिए निर्मित हो रहे इन कार्यालयों के दायरे में स्थानीय ग्राम के लगभग 125 परिवारों के मकान आ रहे हैं। इस संबंध में कलेक्टर संजय कुमार जैन ने स्वयं प्रभावित ग्रामीणों के साथ संवाद किया तथा ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि विकास की राह में किसी भी नागरिक को असहाय नहीं छोड़ा जाएगा। पुनर्वास योजना के तहत भू-अधिकार पत्र (पट्टा) तथा विस्थापित होने वाले प्रत्येक परिवार को दूसरी सुरक्षित जगह पर भूमि का मालिकाना हक (पट्टा) प्रदान किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत सम्मिलित कर नए मकान बनाने हेतु स्वीकृत राशि तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी। बुनियादी सुविधाएं विस्थापन स्थल पर सड़क, बिजली और पानी जैसी प्राथमिक सुविधाओं का विस्तार शासन स्तर पर किया जाएगा। प्रभावित परिवारों को न केवल जमीन का पट्टा दिया जाएगा, बल्कि आवास निर्माण के लिए राशि भी स्वीकृत की जाएगी ताकि वे ससम्मान नए परिवेश में रह सके। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विस्थापन की प्रक्रिया पारदर्शी हो और किसी भी पात्र परिवार का नाम सूची से न छूटे। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि विकास कार्यों में सहयोग प्रदान करें ताकि जिले में शासकीय अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी, अपर कलेक्टर पीके पांडेय, एसडीम मऊगंज एपी द्विवेदी, सहित संबंधित विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *