पिछड़ावर्ग के बालक व बालिका छात्रावास आदर्श छात्रावास बनेंगे

पिछड़ावर्ग के बालक व बालिका छात्रावास आदर्श छात्रावास बनेंगे – मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर पिछड़ावर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ने छात्रावासों का किया निरीक्षण रीवा 21 अप्रैल 2026. पिछड़ावर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण, विमुक्त धुमंतू और अर्धधुमन्तु कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने रीवा जिले के प्रवास के दौरान शासकीय पिछड़ावर्ग पोस्ट मैट्रिक बालक एवं बालिका छात्रावासों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बालक व बालिका छात्रावासों को आदर्श छात्रावास बनाया जायेगा। उन्होंने बालक छात्रावास की जर्जर स्थिति को देखते हुए वहां रह रहे छात्रों को तत्काल किराये के कमरों में शिफ्ट करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये। मंत्री श्रीमती गौर ने बालक छात्रावास के निरीक्षण के दौरान निर्देशित किया कि जर्जर छात्रावास भवन के स्थान पर सुविधायुक्त अच्छा छात्रावास भवन बनाया जायेगा। बालिका छात्रावास में श्रीमती गौर ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि खूब मन लगाकर पढ़े तथा अपने व अपने परिजनों के सपनों को पूरा करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी व मुख्यमंत्री जी के बेटी पढ़ाओं बेटी बढ़ाओं के संकल्प को पूरा करने का प्रयास प्रत्येक स्तर पर जारी है। पिछड़ावर्ग व अल्पसंख्यक छात्र-छात्राओं को शासन स्तर से उच्च शिक्षा के लिये अनेक सहायता व योजना संचालित की जा रही है जिनके माध्यम से वह देश के बड़े संस्थानों व विदेश में भी अध्ययन कर रहे हैं। श्रीमती गौर ने कहा कि देश व समाज को बदलने में बेटियों को आगे आना होगा और हमारी बेटियों किसी से कम नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 30 छात्रावासों को प्रारंभिक तौर पर आदर्श छात्रावास बनाया जा रहा है। जहां सर्वसुविधायुक्त छात्रावास भवन के साथ ही विद्यार्थियों को नि:शुल्क मेस के माध्यम से भोजन की भी व्यवस्था रहेगी। रीवा के दोनों छात्रावासों को भी आगामी प्रोजेक्ट में शामिल किया जायेगा और आदर्श छात्रावास बनेंगे। उन्होंने बालिका छात्रावास के किचेन के आगामी दो दिनों में सुधार कार्य प्रारंभ करने के निर्देश अधिकारियों को देते हुए कहा कि बेहतर किचेन की व्यवस्था सुनिश्चित कराये। श्रीमती गौर ने छात्रावास में निवासरत छात्राओं से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली तथा छात्रावास की खिड़कियों में जाली लगवाने, बाउंड्रीबाल के निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने तथा शौचालयों में सुधार कार्य कराने के निर्देश दिये। संवाद के दौरान छात्राओं के अपने अनुभव बताये तथा छात्रावास की व्यवस्थाओं के प्रति संतुष्टि जाहिर की। इस अवसर पर मंत्री ने छात्रावास परिसर में वृक्षारोपण किया। निरीक्षण के दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गुप्ता, सहायक संचालक पिछड़ावर्ग श्रीमती सुमन द्विवेदी सहित छात्रावास अधीक्षक तथा विभागीय अधिकारी व संबंधितजन उपस्थित रहे। इससे पूर्व मंत्री श्रीमती गौर स्थानीय जनों से भेंट की तथा पिछड़ावर्ग के लिये छात्रावास भवन निर्माण व अन्य आवश्यकताओं की ओर मंत्री जी का ध्यान आकृष्ट किया।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *