खनिज मद की कार्ययोजना में कृषि विकास के कार्यों को प्राथमिकता दें – कलेक्टर

खनिज मद की कार्ययोजना में कृषि विकास के कार्यों को प्राथमिकता दें – कलेक्टर
रीवा 02 मार्च 2026. कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में जिला खनिज मद की कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिला खनिज मद की आगामी वार्षिक कार्ययोजना में कृषि विकास के कार्यों को प्राथमिकता दें। वर्तमान वर्ष को कृषि वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। खनिज मद की कार्ययोजना में जिले के आकांक्षी विकासखण्डों जवा और सिरमौर में कृषि विकास, मछलीपालन तथा उद्यानिकी के विकास के प्रावधानों को शामिल करें। संबंधित अधिकारी विस्तृत कार्ययोजना के साथ प्रस्ताव प्रस्तुत करें। इसके साथ-साथ छात्राओं के लिए शौचालय निर्माण, आंगनवाड़ी केन्द्र भवन निर्माण के भी प्रस्ताव कार्ययोजना में शामिल करें। गत वर्षों में खनिज मद से स्वीकृत अधूरे कार्यों को प्राथमिकता से पूरे कराएं। मनरेगा योजना तथा सुदूर ग्राम सड़क योजना में भी खनिज मद से कन्वर्जेंस के प्रस्ताव शामिल करें। इन प्रस्तावों में ग्राम पंचायत की सहमति आवश्यक होगी।
कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार तथा बच्चों एवं महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार से जुड़े कार्यों को भी कार्ययोजना में शामिल करें। बैठक में परियोजना अधिकारी जिला पंचायत संजय सिंह ने वार्षिक कार्ययोजना के संबंध में बताया कि प्ले स्कूल की व्यवस्था तथा मुनगा के वृक्षारोपण के प्रस्ताव भी कार्ययोजना में शामिल किए जाएं। सभी अधिकारी खनिज मद योजना के मापदण्डों के अनुसार कार्ययोजना तैयार करें। कार्ययोजना को स्वीकृति मिलने के बाद राशि जारी की जाएगी। आकांक्षी विकासखण्डों में कुपोषण मिटाने, मुनगा वृक्षारोपण तथा अन्य कार्यों को प्राथमिकता से कार्ययोजना में शिामल करें। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, सभी एसडीएम, संयुक्त कलेक्टर आरके सिन्हा तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।