कलेक्टर ने बोर्ड परीक्षाओं का लिया जायजा

कलेक्टर ने बोर्ड परीक्षाओं का लिया जायजा

रीवा 27 फरवरी 2026. माध्यमिक शिक्षा मण्डल मध्यप्रदेश की कक्षा दसवीं और बारहवीं की वार्षिक परीक्षाएं जारी हैं। इस क्रम में कक्षा दसवीं के विज्ञान विषय के प्रश्नपत्र की परीक्षा ली गई। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने शासकीय मार्तण्ड उमावि उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक एक परीक्षा केन्द्र का दौरा करके बोर्ड परीक्षाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने केन्द्राध्यक्ष तथा सहायक केन्द्राध्यक्ष से परीक्षाओं के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने प्राचार्य को परीक्षा केन्द्र परिसर में नियमित साफ-सफाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान शेष बचे प्रश्नपत्र बिना सीलबंद लिफाफे में पाए गए। कलेक्टर ने कहा कि प्रश्नपत्र वितरित करने के बाद शेष प्रश्नपत्र तत्काल लिफाफे में सीलबंद करके पेटी में सुरक्षित रखें। परीक्षा केन्द्र परिसर में मोबाइल फोन के प्रतिबंध का कठोरता से पालन कराएं। माध्यमिक शिक्षा मण्डल से अनुमति प्राप्त व्यक्ति के अलावा कोई भी व्यक्ति मोबाइल फोन के साथ परीक्षा केन्द्र परिसर में प्रवेश न करे। शिक्षक भी मोबाइल फोन लेकर केन्द्र में न जाएं। कलेक्टर ने प्राचार्य को परीक्षा केन्द्र की व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देश दिए। कक्षा दसवीं की परीक्षा में उत्कृष्ट विद्यालय परीक्षा केन्द्र में एक विद्यार्थी अनुपस्थित रहा। कलेक्टर के साथ-साथ एसडीएम हुजूर डॉ. अनुराग तिवारी, प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर सुरभि जैन, तहसीलदार हुजूर शिवशंकर शुक्ला ने भी विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *