संकल्प से समाधान अभियान के आवेदनों का करें निराकरण – कलेक्टर

संकल्प से समाधान अभियान के आवेदनों का करें निराकरण – कलेक्टर

रीवा 16 फरवरी 2026. कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की। डॉ. सोनवणे ने कहा कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाइन में सौ दिन से अधिक समय से लंबित आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण कराएं। विकासखण्ड स्तर और ग्राम स्तर के अधिकारियों को हर सप्ताह आवेदनों के निराकरण का लक्ष्य दें। राजस्व विभाग, खाद्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, ऊर्जा विभाग, पीएचई, श्रम विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा ग्रामीण विकास विभाग आवेदन पत्रों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें। सीएम हेल्पलाइन में कोई भी विभाग डी श्रेणी में रहा तो कार्रवाई की जाएगी। समाधान ऑनलाइन के एजेण्डा बिन्दुओं में लंबित आवेदनों के निराकरण पर भी विशेष ध्यान दें।

कलेक्टर ने कहा कि जनगणना के लिए तेजी से तैयारी की जा रही है। यह जनगणना पूरी तरह से डिजिटल जनगणना होगी। डेटा संकलन करने के लिए मोबाइल ऐप और पोर्टल का उपयोग किया जाएगा। जनगणना में तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारी ठीक से प्रशिक्षण लेकर पूरी जिम्मेदारी के साथ जनगणना का कार्य करें। कलेक्टर ने कहा कि संकल्प से समाधान अभियान के दौरान हर पात्र हितग्राही से आवेदन पत्र का निराकरण करें। आवेदन पत्रों के निराकरण के लिए विकासखण्ड स्तर और क्लस्टर स्तर पर शिविरों का लगातार आयोजन करें। सभी जिला अधिकारी संकल्प से समाधान अभियान में प्राप्त विभाग से संबंधित आवेदन पत्रों के निराकरण कराकर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। सभी अधिकारी समाधान एक दिन तथा लोकसेवा गारंटी योजना के आवेदनों का तय समय सीमा में निराकरण करें। प्रकरणों के समय सीमा से बाहर होने पर जुर्माने की कार्रवाई करें। सभी अधिकारी कमिश्नर्स-कलेक्टर्स कान्फ्रेंस के एजेण्डा बिन्दुओं पर भी तत्परता से कार्यवाही करें। एजेण्डा बिन्दुओं में की गई कार्यवाही लगातार अपडेट करते रहें।
कलेक्टर ने कहा कि धरती आबा योजना में शामिल सभी गांवों के हितग्राहियों का चिन्हांकन किया जा चुका है। इनके घरों में जलजीवन मिशन से नल कनेक्शन तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से घरेलू गैस के कनेक्श दें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सभी हितग्राहियों का एक सप्ताह में आयुष्मान कार्ड बनवाएं। अधीक्षण यंत्री ऊर्जा इन हितग्राहियों के घरों में बिजली के कनेक्शन की व्यवस्था करें। जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग विभिन्न विभागों से समन्वय बनाकर हर पात्र हितग्राही को धरती आबा योजना से लाभान्वित कराएं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास गर्भवती महिलाओं और शिशुओं की स्वास्थ्य रक्षा एवं कुपोषण पर नियंत्रण के प्रयास करें। सभी तहसीलदार लगातार शिविर लगाकर किसानों की शेष बची फार्मर रजिस्ट्री के लिए ई केवाईसी अपडेट कराएं जिससे इन्हें किसान सम्मान निधि का लाभ मिल सके। स्वामित्व योजना के लंबित प्रकरणों का भी निराकरण करें। सभी राजस्व अधिकारी नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन के प्रकरण तय समय सीमा में निराकृत करें। प्रकरणों के समय सीमा से बाहर होने पर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में कलेक्टर ने उचित मूल्य दुकानों से खाद्यान्न वितरण, गेंहू उपार्जन के लिए किसानों के पंजीयन तथा पेयजल व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर राजेश सिन्हा, डिप्टी कलेक्टर सुधीर बेक, डिप्टी कलेक्टर सुरभि अग्रवाल, सभी एसडीएम, जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *